कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी के खिलाफ खोला मोर्चा

पदाधिकारियों पर पार्टी विरोधी होने का लगा आरोप

DEHRADUN:

बीजेपी में घमासान है, सूबे में सत्ता चला रही कांग्रेस में भी अंदरखाने जमकर लड़ाई चल रही है और एक ऐसी पार्टी जिसका न सूबे में वजूद है और न ये तय है कि वो ख्0क्7 में चुनाव लड़ेगी की नहीं, अब उसमें भी बगावत हो गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सह प्रभारी विवेक यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रमुख अनूप नौटियाल ने इस्तीफा दे दिया है। नौटियाल ने कहा कि उनके लिए प्रदेश के मुद्दे और कार्यकर्ताओं का हित सर्वोपरि है। इन विषयों पर ही वैचारिक मतभेद हैं। कार्यकर्ताओं पर एकतरफा कार्रवाई गलत है।

कोषाध्यक्ष ने पहले ही दिया इस्तीफा

शनिवार को हरिद्वार में आप की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई थी। इसमें सह प्रभारी विवेक यादव ने प्रदेश प्रवक्ता, जिलाध्यक्ष देहरादून, जिला सचिव समेत छह पदाधिकारियों पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया। विवेक यादव ने प्रदेश कार्यसमिति के अध्यक्ष अनूप नौटियाल को उक्त पदाधिकारियों को पार्टी से निष्कासित करने के निर्देश दिए। इस पर अनूप नौटियाल और प्रदेश कोषाध्यक्ष रणबीर चौधरी ने ऐतराज जताया। कहा कि इनके खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कोई सबूत नहीं हैं। रणबीर चौधरी ने बैठक के दौरान ही पद से इस्तीफा दे दिया।

प्रदेश प्रभारी पर अभद्रता का आरोप

रविवार सुबह प्रदेशभर से करीब ख्00 पदाधिकारी और कार्यकर्ता वसंत विहार स्थित अनूप नौटियाल के आवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि विवेक यादव की कार्यशैली से पार्टी कमजोर हो रही है। वह आम आदमी पार्टी की आत्मा को गिरवी रख अपने हितों को साध रहे हैं। प्रदेश कार्यकारिणी की पूर्व सदस्य पूजा मेहरा ने विवेक यादव पर महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप भी लगाया। करीब तीन घंटे तक हुई बैठक के बाद अनूप नौटियाल ने पद से इस्तीफा देने का फैसला लिया। उन्होंने बताया कि शीर्ष नेतृत्व को इस्तीफा ई-मेल कर दिया है। आप नेता आशुतोष से उनकी फोन पर वार्ता हुई। आशुतोष ने कहा कि बातचीत के माध्यम से जो भी मतभेद हैं, उन्हें सुलझाया जा सकता है। बैठक में पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रणबीर चौधरी, सुनीता सिंह, मंजू शर्मा, कमल देवराड़ी, ओंकार सिंह, समीर मंगेती, विजय पंवार आदि मौजूद रहे।

मेरे लिए उत्तराखंड और कार्यकर्ताओं के मुद्दे महत्वपूर्ण हैं। हम व्यवस्था परिवर्तन की बात करते हैं। लेकिन, मुझे एकतरफा निर्णय पसंद नहीं है। मेरे कुछ व्यक्तिगत विचार हैं। जिनकी वजह से मैंने आशुतोष, मनीष और अरविंद केजरीवाल को अपना इस्तीफा सौंपा है। मेरे साथ प्रदेश कोषाध्यक्ष रणबीर चौधरी ने भी इस्तीफा सौंपा है।

अनूप नौटियाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आप, उत्तराखंड