- दोनों को गाजियाबाद से पकड़ा था रायबरेली पुलिस ने, पुलिसकर्मी भी घायल

मथुरा: चोरी की बड़ी वारदात के दो आरोपियों को गाजियाबाद से पकड़ कर ले जा रही रायबरेली पुलिस की बोलेरो गुरुवार दोपहर सुरीर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर पलट गई। इसमें दोनों मुल्जिम और दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

रायबरेली के थाना गधागंज की पुलिस टीम ने गाजियाबाद से बाराबंकी के अबरार नगर निवासी शकील और संभल निवासी इरशाद (मौलाना) को गिरफ्तार किया था। रायबरेली में बड़ी चोरी में इनका हाथ होने का शक था। पुलिस उन्हें बोलेरो में रायबरेली लेकर जा रही थी। थाना सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 73 पर टायर अचानक वस्र्ट हो जाने से बोलेरो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसमें दोनों आरोपी और रायबरेली के थाना गधागंज के दरोगा बीके सिंह, सिपाही विपिन कुमार, रवि त्रिवेदी, दुर्गेश त्रिवेदी और दो अन्य सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। सिपाहियों के शरीर पर बोलेरो गाड़ी से निकला डीजल भी फैल गया। संयोग से बड़ा हादसा नहीं हुआ। आनन-फानन सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। रायबरेली के गधागंज थाने के एसआई बीके सिंह ने बताया कि चोरी की एक बड़ी वारदात में दोनों आरोपियों को पकड़ा था। रास्ते में हादसा हो गया और इसमें सभी लोग घायल हो गए।