-गुरुवार दोपहर नहाने गया था बच्चा, नहीं थे सेफ्टी के इंतजाम

BAREILLY: कैंट के धोपेश्वर नाथ मंदिर में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। सेफ्टी इंतजाम न होने की वजह से बच्चे सरोवर में नहाने पहुंच गए। गुरुवार दोपहर मोहनपुर ठिरिया का रहने वाला 14 वर्षीय बच्चा नहाते वक्त सरोवर में डूब गया। काफी देर बाद उसे बाहर निकालकर डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल पहुंचाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। सरोवर में पहले भी बच्चों की जान जा चुकी है और एक महंत की हत्या भी डूबाकर की जा चुकी है, जिसकी सीबीआई जांच चल रही है।

दादा के यहां दिल्ली से आया था

बच्चे की पहचान मोहनपुर ठिरिया निवासी सेवाराम के 14 वर्षीय बेटे रोहित के रूप में हुई है। सेवाराम के 5 बच्चे हैं और वह पत्‍‌नी और बच्चों के साथ दिल्ली में रहकर काम करते हैं। रोहित कुछ दिन पहले ही बरेली आया था। वह गुरुवार को सरोवर में नहाने के लिए पहुंचा था। कुछ देर बाद उसके पड़ोस के बच्चे भी नहाने पहुंचे थे। यहां भंडारा भी चल रहा था, जिसकी वजह से बच्चों की संख्या अधिक थी। नहाते वक्त रोहित गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। कुछ देर बाद लोगों ने देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। उसके बाद कुछ लोग आए और उसे बाहर निकालकर उल्टा किया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

नहीं थे सेफ्टी के काेई इंतजाम

धोपेश्वर नाथ मंदिर परिसर में सरोवर बना हुआ है। सरोवर काफी गहरा है। इसमें दूर-दराज से बच्चे नहाने के लिए आते हैं। सावन के महीने में यहां सेफ्टी के इंतजाम करने के लिए कहा जाता है। इस बार भी पुलिस ने मंदिर कमेटी से सेफ्टी इंतजाम करने के लिए कहा था लेकिन कुछ रस्सियां लगाकर खानापूर्ति कर दी गई, जिसकी वजह से बच्चे खुलेआम नहा रहे थे और कोई रोकटोक करने वाला नहीं था।