-गढ़ रोड पर शाम 4 बजे हुआ हादसा, पौन घंटे बाद बाहर निकाला गया

मेरठ: गढ़ रोड स्थित तक्षशिला कालोनी में रिलांयस पेट्रोल पंप के सामने गेल गैस की पाइप लाइन की नीचे शिफ्टिंग के दौरान शुक्रवार की शाम को हादसा हो गया। हादसे में गेल कंपनी के दो एरिया इंचार्ज एवं एक कर्मचारी मिट्टी की ढांग गिरने से नीचे दब गए। करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गड़ढे़ से बाहर निकाला।

लाईन कर रहे थे शिफ्ट

प्राप्त जानकारी के मुताबिक गढ़ रोड पर रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने यह हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ। शुक्रवार को गेल गैस लिमिटेड के अधिकारी अपनी गुजर रही गैस की पाइप लाईन को नीचे शिफ्ट करा रहे थे। लोक निर्माण विभाग ने वहां पर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा हुआ है। विभाग नाले की क्रांसिंग के लिए अपनी लाइन डाल रहा है। लोक निर्माण विभाग की लाइन गेल की गैस पाइप लाइन से टच न हो। इसके लिए वहां गेल के अधिकारी शुक्रवार को गैस पाइप लाइन को नीचे की ओर शिफ्ट कर रहे थे। जेसीबी मशीन से मिट्टी हटायी जा रही थी।

अचानक गिरी मिट्टी

उसी दौरान अचानक मिट्टी की टांग भरभराकर गिर गई। जिससे गड्ढे में मौके पर काम कर रहे गेल कंपनी के एरिया इंचार्ज सुमित सैनी पुत्र मंगत सैनी निवासी रिठानी व शेखर पुत्र शक्ति सिंह निवासी गेसूपुर गढ़ रोड व कर्मचारी जोनू पुत्र विजय पाल निवासी गांव बहादुरपुर किला परीक्षितगढ़ नीचे दब गए। इनमें गेल के एरिया इंचार्ज शेखर तो पूरी तरह दब गए। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। वहां काम कर गेल के कर्मचारियों ने शोर मचा दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग भी दौड़कर आ गए। इस पर वहां मौजूद गेल के कर्मचारियों और लोगों ने मिट्टी हटानी शुरू की। करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला जा सका।

-------------

भीड़ ने किया हंगामा

घटना की सूचना के बाद तुरंत ही थाना मेडिकल पुलिस को भी सूचना दे दी गई थी। पुलिस सूचना के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस भी देरी से आयी। इस पर भीड़ ने हंगामा किया। जब तक पुलिस पहुंची तब तक तीनों को निकालकर मेडिकल भेज दिया गया था। भीड़ का कहना था कि थाना मेडिकल इतना पास होने के बाद भी पुलिस मौके पर समय से क्यों नहीं पहुंची? पुलिस की लापरवाही से हादसा बड़ा हो सकता था। पुलिस से पहले प्राइवेट एवं 108 एम्बुलेंस आ चुकी थी। लोगों का यह भी कहना था कि यदि कर्मचारी व मौके पर मौजूद लोग जल्दी न निकालते तो तीनों की जान भी जा सकती थी।

---

हम लोग गेल की गैस पाईप लाईन को नीचे की ओर शिफ्ट कर रहे थे। उसी दौरान मिट्टी की टांग गिरने से यह हादसा हुआ। जिसमें वह भी नीचे दब गए। लोक निर्माण विभाग ने यह गड्ढा खोदा था। लोक निर्माण की लाईन से गैस की लाईन टच न हो। इसके लिए ही हम अपनी लाईन को नीचे शिफ्ट कर रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हो गया।

-शेखर सिंह

एरिया इंचार्ज गेल मेरठ।