- शाहपुर इलाके में आठ साल की बच्ची से गैंग रेप का मामला

- सात से आठ वर्ष की उम्र के बच्चों पर गैंग रेप का है आरोप

GORAKHPUR: शाहपुर इलाके में आठ साल की बच्ची से गैंग रेप के आरोपित दो बच्चों को रविवार को पुलिस ने किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया। उधर, तीसरे आरोपित की तलाश में पुलिस जुट गई है। दरअसल, शुक्रवार को शाहपुर पुलिस ने आठ साल की बच्ची से रेप का केस दर्ज कर दो आरोपित बच्चों को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि तीसरे की तलाश जारी है। आरोप है कि गीता वाटिका के पास खेलने के दौरान आठ साल की बच्ची के साथ सात से आठ साल के बच्चों ने बलात्कार किया। पुलिस ने केस दर्ज कर शनिवार को बच्ची को मेडिकल परीक्षण कराया, लेकिन मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि नहीं हो सकी। हालांकि मजिस्ट्रेट के समक्ष हुए बयान में बच्ची ने आरोपितों के खिलाफ बयान दिया था।

तीसरे की तलाश जारी

इसके बाद रविवार को पुलिस ने इस मामले में विधिक सलाह लेने के बाद दोनों आरोपितों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में बाल सुधार गृह भेज दिया गया। घटना बुधवार की है। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक आठ साल की बच्ची खेल रही थी। साथ खेल रहे दो बच्चों ने उसे बहलाया-फुसलाया,फिर उसके साथ बलात्कार कर दिया। बच्ची ने घर आकर अपनी मां को जानकारी दी। इसके बाद मां थाने पहुंची और दो बच्चों के खिलाफ मुकदमे की तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी और दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी विनय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों की उम्र सात से आठ वर्ष ही है। इसलिए इस मामले में विधिक सलाह लेने के बाद बच्चों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।