आगरा। यमुना डूब क्षेत्र में बनी बहुमंजिला इमारतों पर एनजीटी आज सुनवाई करेगी। जवाब दाखिल किए जाने के लिए एडीए में रविवार को भी तैयारी होते हुए देखी गई। एडीए के अलावा नगर निगम, सिंचाई, वन, राजस्व, पर्यावरण आदि विभागों के साथ बिल्डर भी सोमवार को एनजीटी में अपना पक्ष रखेंगे।

15 बहुमंजिला इमारत चिह्नित

याचिकाकर्ता डीके जोशी ने 15 बहुमंजिला इमारतों को यमुना डूब क्षेत्र में बताया है। इसके साथ ही यमुना में नगर निगम द्वारा कूड़ा डाले जाने का विषय भी याचिका में रखा गया है। दो तारीखों में एडीए व अन्य विभाग अपना पक्ष नहीं रख सके हैं। इस बार हर हाल में एडीए जवाब दाखिल किए जाने की तैयारी में है। अगर इस बार भी जवाब दाखिल नहीं किया गया तो एनजीटी अधिकारियों पर कड़ा रुख अपना सकती है।