- चेतावनी के बावजूद सिर्फ एक लेखपाल काम पर लौटा

- 55 के खिलाफ जारी किया गया आरोप पत्र

आठ सूत्री मांगों को लेकर छह जुलाई से हड़ताल पर बैठे लेखपालों को चेतावनी के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को डीएम सुरेंद्र सिंह ने 18 लेखपालों को सस्पेंड करने के साथ ही 55 के खिलाफ आरोप पत्र जारी करने के आदेश दिए। हड़ताली लेखपालों को जल्द ड्यूटी ज्वाइन करने की ताकीद की गई है।

छह जुलाई से जनपद के कुल 289 लेखपाल हड़ताल पर चले गए थे। आठ सूत्री मांगों में पद का नाम बदलने, वेतन विसंगति दूर करने, स्मार्ट फोन और लैपटॉप देने समेत कई बिंदु थे। प्रदेश भर में चल रही इस हड़ताल पर शासन ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। मगर लेखपाल अपनी मांगों पर अड़े रहे। डीएम सुरेंद्र सिंह ने बताया कि चेतावनी के बाद वाराणसी में एक लेखपाल काम पर लौट आया। जबकि 18 के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।