- अमर सिंह और जयाप्रदा ने किया रोड शो

- दोनों नेताओं ने पत्रकार वार्ता में कसे तंज

- मुलायम पर नरम दिखे अमर, अजित को बताया नेता

- जया ने आजम को बताया पिता समान पर साधा निशाना

Meerut: पिछले दिनों रालोद में शामिल हुए ठाकुर अमर सिंह शुक्रवार को सांसद जयाप्रदा के साथ मेरठ पहुंचे। इस दौरान दोनों रालोद नेताओं ने रोड शो किया और पत्रकार वार्ता कर अपनी बात कही। अमर सिंह ने कहा कि सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव कभी भी मेरे दिल से बाहर नही हो सकते है। लेकिन नेता चौधरी अजित सिंह ही रहेंगे। मुलायम सिंह ने राजनीति का दांव-पेंच चौधरी चरण से सिंह सीखा। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगा सपा, भाजपा और आरएसएस की देन है। इसके अलावा उन्होंने हरित प्रदेश की मांग का भी पुरजोर समर्थन करते हुए गठन के लिए आंदोलन चलाने की बात भी कही।

दंगों को लेकर साधा निशाना

अमर सिंह ने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगा जाट-मुस्लिम का संघर्ष नही बल्कि इंसानियत पर हमला था जो सपा और भाजपा की देन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने राजनीति लाभ के लिए भाई को भाई से लड़ाया है। अब लोकसभा चुनाव में सपा को इसका खामियाजा भुगतना होगा।

चुनाव के बाद हरित प्रदेश

रालोद में शामिल होते ही अमर सिंह ने भी हरित प्रदेश के गठन का राग अलापना शुरू कर दिया है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि लोस चुनाव के बाद पृथक हरित प्रदेश राज्य का गठन किया जाएगा। इसके लिए अगर जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा। रालोद हरित प्रदेश की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।

आजम देते हैं आर्शीवाद

बिजनौर-हस्तिनापुर सीट से रालोद की प्रत्याशी जयप्रदा ने कहा कि मैं तो आजम खान की बेटी हूं, वो मेरे बारे में जो कुछ भी कहते है, वह सब आर्शीवाद है। आजम नगर विकास मंत्री होने के साथ-साथ सशक्त मंत्री है पर उप्र तो दूर की बात रामपुर का भी तीव्र विकास वह नही करा पाए। इस बार लोस चुनाव में सपा का सफाया होगा।

रोड शो ने रोकी रफ्तार

रालोद अमर सिंह और जयप्रदा के रोड शो में काफी भीड़ उमड़ी। उधर, रोड शो होने से बाइपास पर वाहनों की रफ्तार पर बे्रक लग गया। काफी देर तक वाहन जाम में फंसे रहे। उधर, रोड शो के धीरे-धीरे बाइपास से गुजरने के कारण वाहनों की कतार लंबी होती गई। उधर, मौके पर मौजूद पुलिस भी अपने वाहन को ही जाम से निकालने में व्यस्त दिखी।