गोवर्धन पूजा के बाद घरों में लगाया जाएगा अन्नकूट भोग

भइया दूज के साथ होगा भगवान चित्रगुप्त की सामूहिक पूजा

ALLAHABAD: कार्तिक कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा शुक्रवार को गोवर्धन पूजा की जाएगी। घरों में पूजा के बाद अन्नकूट भोग ठाकुर जी को लगाया जाएगा और उनसे घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। दारागंज, अल्लापुर व कटरा में कई स्थानों पर सामूहिक रूप से गोवर्धन पूजा की जाएगी। श्री ब्रज रस रसिक भजन मंडल की ओर से लूकरगंज स्थित श्यामा सदन में भव्य तरीके से श्री गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया है। जिसमें भगवान श्रीकृष्ण-बलराम द्वारा गोवर्धन जी का पूजन किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। मंडल के संयोजक डॉ। अखिल निगम ने बताया कि गोवर्धन पूजा के बाद बाल कलाकारों द्वारा श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन किया जाएगा।

कलम दवात पूजन से पांच दिनी पर्व का कल होगा समापन

वहीं पांच दिवसीय प्रकाश पर्व का समापन शनिवार को भगवान चित्रगुप्त का पूजन-अर्चन व कायस्थ समाज द्वारा सामूहिक रूप से कलम-दवात पूजन और भाई-बहन के अटूट स्नेह का पर्व भइया दूज के साथ हो जाएगा। भगवान चित्रगुप्त की पूजा व सामूहिक कलम-दवात पूजन का मुख्य कार्यक्रम केपी कम्युनिटी सेंटर के बगल में स्थित भगवान चित्रगुप्त के मंदिर व मुट्ठीगंज स्थित चित्रगुप्त मंदिर में किया जाएगा।