किशोर के सिर में आए 16 टांके, कई दिन बिजली आपूर्ति ठप रहने की आशंका

सरधना : बारिश के साथ आई आंधी के दौरान मोहल्ला आदर्श नगर में यूकेलिप्टस के दो बड़े पेड़ टूटकर गिर गए। पेड़ों के नीचे दबकर बिजली के कई खंभे व तार भी टूट गए। वहीं पेड़ की चपेट में आने से एक किशोर भी गंभीर घायल हो गया। उसके सिर में 16 टांके आए। खंभे और तार टूटने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति कई दिन तक बाधित रहने की आशंका है।

बुधवार दोपहर बारिश के साथ तेज अंधड में मोहल्ला आदर्श नगर में दो यूकेलिप्टस के दो बड़े पेड़ धराशायी हो गए। पेड़ एचटी और एलटी लाइन पर गिरे। जिससे करीब आधा दर्जन खंबे भी टूट गए। पेड़ की चपेट में आने से मोहल्ला आदर्श नगर निवासी नानू पुत्र महेंद्र त्यागी गंभीर घायल हो गया। परिजनों ने निजी चिकित्सक से उसका उपचार कराया। उसके सिर में करीब डेढ़ दर्जन टांके आए। पेड़ रास्ते पर गिरने से रास्ता भी बाधित हो गया। जिससे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं खंभे और तार टूटकर गिरने से कई इलाकों की बिजली आपूर्ति भी कई दिन तक ठप रहने की आशंका है। जिससे भीषण गर्मी में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।