- बसपा सुप्रीमो मायावती ने राज्य सरकार को सुनाई खरी-खोटी

- बोले अखिलेश, लोगों में भय पैदा कर रही भाजपा सरकार

LUCKNOW :

एप्पल के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की हत्या के मामले ने विपक्ष लगातार राज्य सरकार पर हमलावर होता जा रहा है। सोमवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने विवेक की पत्नी कल्पना तिवारी से फोन पर बात की तो सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र परिजनों को सांत्वना देने उनके आवास पर पहुंचे। वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी बयान जारी कर राज्य सरकार को जमकर खरी-खोटी सुनाने के अलावा ब्राह्मणों के खिलाफ अत्याचार होने की बात कही। वहीं समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

प्रतिनिधि पहुंचे घर

दरअसल मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद विवेक के घर पर फिर से राजनेताओं का जमावड़ा लगने लगा। सोनिया गांधी के प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा, राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र के प्रतिनिधि धीरज श्रीवास्तव व कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह विवेक के घर पहुंचे और उनकी पत्नी कल्पना से सोनिया गांधी की फोन पर बात कराई। सूत्रों की मानें तो सोनिया गांधी ने कल्पना से कहा कि वह किसी भी मदद के लिए बेहिचक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क कर सकती हैं। करीब तीन मिनट तक चली बातचीत के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि अभी आपके घर पर तमाम नेताओं का आना-जाना रहेगा पर भविष्य में कभी भी और किसी भी समस्या के लिए कांग्रेस के दरवाजे आपके लिए खुले हैं।

नहीं कोई सुरक्षित

तत्पश्चात सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी विवेक के घर पर जाकर परिजनों को सांत्वना दी। कहा कि विवेक की हत्या के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है। यह कैसी सरकार है कि कहीं एसडीएम तो कहीं किसान और शिक्षामित्र आत्महत्या कर रहे हैं। इन हत्याओं के लिए सरकार की जवाबदेही बनती है। विवेक हत्याकांड से यूपी की दुनिया भर में बदनामी हुई है। उन्होंने राज्य सरकार से इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही परिवार के साथ न्याय के लिए कोर्ट से स्वयं संज्ञान लेने की आशा की। उन्होंने राज्य सरकार से पीडि़त परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक मदद एवं सम्मानजनक नौकरी देने की भी मांग की। कहा कि भाजपा सरकार में कोई सुरक्षित नहीं है। कभी भी किसी भी निर्दोष की हत्या हो सकती है। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। मुख्यमंत्री सदन में डराने वाली भाषा बोलते है।

ब्राह्मणों पर हो रहा अत्याचार

इसके अलावा बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों की वजह से पुलिस बर्बर और निरंकुश हो गयी है। भाजपा सरकार बनने के बाद अपरकास्ट खासकर ब्राहृमणों पर ज्यादा अन्याय और अत्याचार हो रहा है जिसकी बसपा निंदा करती है। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करने के साथ लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को भी कहा। साथ ही सरकार को नसीहत भी दी कि मेरी सरकार में पहले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाती थी। साथ ही कहा कि पार्टी पीडि़त परिवार की पूरी मदद करेगी। उनके निर्देश पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने परिजनों से मुलाकात की और कानूनी मदद करने का आश्वासन दिया।