- प्रदेश में बारिश से कई सड़कें बंद, लोगों को आवाजाही में परेशानी

DEHRADUN: दो दिन तक लगातार बारिश के बाद रविवार को मौसम ने कुछ राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश में भारी से भारी बारिश के आसार हैं। विशेषकर कुमाऊं में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस प्रशासन को अलर्ट रहने को कहा है। चारधाम यात्रा को लेकर भी यात्रियों को सतर्कता बरतने को कहा गया है।

बारिश का कहर

देहरादून जिले के पर्वतीय इलाकों में 31 सड़कें बंद हैं। इससे दूर-दराज के इलाके मुख्यालय से कट चुके हैं। उत्तराखंड में 90 से ज्यादा संपर्क मार्ग मलबा आने से बाधित हैं। चार धाम मार्गो पर मलबा गिरने का सिलसिला जारी है। शनिवार को बंद गंगोत्री हाईवे पर दोपहर बाद यातायात बहाल कर दिया गया, जबकि डाबरकोट के बाद यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नहीं खुल पाया है। यहां पर हाईवे 21 जुलाई से बंद है। देहरादून जिले में यमुना की सहायक नदी टौंस उफान पर है। इससे त्यूणी कस्बे को खतरा उत्पन्न हो गया है। हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा चेतावनी रेखा के करीब है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है। कुमाऊं में भी स्थिति ऐसी ही हैं। काली नदी खतरे के निशान के पास है तो गोरी, सरयू और शारदा उफान पर हैं। बागेश्वर जिले में बारिश से छह मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं मकान की छत गिरने से एक महिला गंभीर रुप से घायल हो गई।