-गोरखपुर के जोन के बार्डर से लगे जिलों में अलर्ट

-विदेशी नागरिकों सहित तस्कर खोजते रहते हैं मौका

GORAKHPUR: जाड़े के दिनों में नेपाल बार्डर से होने वाली घुसपैठ पर पैनी निगाह रहेगी। गोरखपुर जोन के बार्डर से सटे सभी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। आम दिनों की अपेक्षा जाड़े के दिनों में बार्डर से घुसपैठ और तस्करी के मामलों को देखते हुए एडीजी ने सख्त कदम उठाए हैं। एडीजी ने कहा कि नेपाल के रास्ते में भारत में अवैध ढंग से आने वालों पर पुलिस पैनी निगाह बनाए रखेगी। अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद से ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

कोहरे का उठाते बेजा फायदा, आसान हो जाती इंट्री

नेपाल बार्डर की सुरक्षा के लिए एसएसबी की तैनाती की गई है। इनके अलावा सभी जिलों की पुलिस अपने थाना क्षेत्र में निगरानी करती है। थाना पुलिस की पेट्रोलिंग और चेकिंग का अभियान चलता रहता है। पुलिस से जुड़े लोगों का कहना है कि जाड़ा शुरू होते ही तस्कर और अन्य तरह के घुसपैठिया ज्यादा एक्टिव हो जाते हैं। नेपाल बार्डर की खुली सीमा पर कई जगह पगडंडियों, जंगलों और खेतों के रास्ते आवागमन होने से कोहरे का फायदा उनको मिलता है। घने कोहरे में पेट्रोलिंग पार्टियां दूर तक नजर नहीं रख पाती। ऐसे में कुछ लोकल लोगों की मदद विदेशी आसानी से भारत में इंट्री कर जाते हैं।

आतंकियों के घुसपैठ की सूचना से बढ़ी निगरानी

पुलिस से जुड़े लोगों का कहना है कि पंजाब में जैश ए मोहम्मद के छह-सात आतंकियों के घुसने की सूचना से इंडो-नेपाल बार्डर पर अलर्ट जारी किया गया था। पंजाब पुलिस ने आतंकी जाकिर मूसा की तस्वीर जारी की थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर और पंजाब के अलावा नेपाल बार्डर पर सक्रियता बरतने को कहा गया है। रविवार को पंजाब में हुए बम धमाके के बाद से इस अलर्ट को उसी से जोड़ा जा रहा है। इसलिए गोरखपुर, महराजगंज सहित अन्य जिलों में पुलिस को एक्टिव मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में यह सामने आ चुका है कि नेपाल के जरिए आतंकी घुसपैठ और आतंकी माड्यूल को पालने का काम पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी कर रही है। नेपाल के मोरंग जिले में इसके सबूत सुरक्षा एजेंसियों को मिले हैं।

हाल में नेपाल बार्डर पार करने में दबोचे गए विदेशी

16 नवंबर 2018: सोनौली बार्डर पर फर्जी वीजा, पासपोर्ट के जरिए इंडिया में आ रहा युगांडा का नागरिक सिवानिया वेन पकड़ा गया।

07 नवंबर 2018: नेपाल बार्डर से दो महिलाओं सहित छह चीनी नागरिकों को बार्डर पार करते हुए बहराइच में पकड़ा गया था। एसएसबी की सर्च पार्टी ने उनको अरेस्ट किया था।

30 अक्टूबर 2018: बार्डर करके इंडिया में आई रुस की महिला नटालिया पकड़ी गई। उसके साथ दो बच्चे मैक्सिम और मारिया थे। वह बच्चों संग साइकिल से भारत अा गई थी।

1 अगस्त 2018: सोनौली बार्डर पर रोमानिया के नागरिक अरेल वायस्यू को अरेस्ट किया। कोलकाता में उसके खिलाफ लुक आउट जारी था।

10 जुलाई 2018: सोनौली बार्डर पर चीनी नागरिक लीजी को पकड़ा गया। उसके साथ एक मददगार भी पुलिस के हत्थे चढ़ा।

वर्जन

नेपाल बार्डर के जरिए विदेशी नागरिकों के भारत में आने के मामले भी सामने आ चुके हैं। जाड़े के मौसम को देखते हुए तस्करी, घुसपैठ सहित अन्य गतिविधियों को रोकने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। नेपाल बार्डर से सटे सभी जिलों की पुलिस को मुस्तैद रहने के लिए कहा गया है।

-दावा शेरपा, एडीजी जोन