-राज्य मुख्यालय ने जिला और पुलिस प्रशासन को किया आगाह

-जिला प्रशासन ने कांवरिया पथ की सुरक्षा का रूट चार्ट किया जारी

BANKA/PATNA: बांका जिले में पड़ने वाले 54 किलोमीटर कांवरिया पथ नक्सलियों के निशाने पर हैं। नक्सली संगठन यहां हमला कर विधि व्यवस्था की समस्या खड़ी कर सकते हैं। इसे देखते हुए गृह विभाग ने जिले के इन पथों पर हाई अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य पुलिस मुख्यालय ने भी यहां नक्सली वारदातों की संभावना को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को आगाह कर दिया है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने संयुक्तादेश में नक्सलियों की सक्रियता की सूचना के आधार पर अधिकारियों को अलर्ट करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का रूट चार्ट जारी कर दिया है। इन रूटों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

बनाई गई 114 स्टैटिक टीमें

कांवरिया पथ की सुरक्षा के लिए 114 स्टैटिक टीमें बनाई गई हैं। उनमें से 104 स्टैटिक टीमों की हर टीम में दो पुलिस पदाधिकारी, 8 लाठीधारी पुलिस कर्मी और चार महिला पुलिस शामिल है। जबकि शेष 10 स्टैटिक टीमों में आठ सशस्त्र बल भी शामिल हैं। इनमें 228 पुलिस पदाधिकारी, 80 सशस्त्र पुलिस बल, 704 पुलिस बल एवं 456 महिला पुलिस बल लगाए गए हैं। इन्हें कांवरिया पथ के बेलहर, सुईया, कटोरिया, चांदन, रजौन, बाराहाट, बौंसी, बांका, शंभूगंज एवं अमरपुर थानों में सुरक्षित रखे गए हैं।

23 पुलिस टीमें करेंगी पैदल गश्ती

कांवरिया पथ पर इनके अलावा 25 पुलिस टीमें पैदल गश्ती करेगी। इसके एक गश्ती दल में दो पुलिस पदाधिकारी एवं छह लाठीधारी पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया हैं। इनमें 46 पुलिस पदाधिकारी एवं 138 पुलिस बल लगाए गए हैं। श्रवणी मेले में सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग एवं कांवरिया पथ पर यातयात की समस्या बनी रहती है। इस बार इन पथों पर यातायात नियंत्रित करने के लिए 21 यातायात पुलिस टीमें लगाई गई हैं। एक टीम में दो पुलिस पदाधिकारी एवं चार लाठी धारी पुलिस कर्मी शामिल हैं। उनमें 84 पुलिस पदाधिकारी एवं 168 पुलिस बल लगाए गए हैं।

बम निरोधक दस्ते भी रहेंगे तैनात

कांवरियों की सुरक्षा के लिए कांवरिया पथ पर तीन ट्रांजिट पार्टियां, तीन श्वान व तीन बम निरोधक दस्ते भी सक्रिय रहेंगे। उन्हें कटोरिया मुख्य नियंत्रण कक्ष, धौरी एवं दुम्मा उप नियंत्रण कक्ष पर तैनात किए गए हैं।

कांवरिया पथ पर नक्सली वारदात की संभावना को देखते हुए बांका जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। यहां नक्सली गतिविधियों पर नजर रखे जाने के साथ ही वैसी किसी घटना को विफल करने के लिए कां¨बग ऑपरेशन जारी है। कांवरिया पथ की सुरक्षा का रूट चार्ट जारी कर पुलिस पदाधिकारियों और बलों की भी तैनाती की गई है।

-अदविंद कुमार, एसपी, बांका