- शादी से लौट रही महिला का गहनों से भरा बैग लेकर विक्रम चालक फरार

- दो घंटे के बाद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, माल बरामद

ALLAHABAD: खुल्दाबाद एरिया में वेडनसडे सुबह शादी से लौट रही एक महिला का बैग विक्रम में छूट गया। बैग में लाखों रुपए की ज्वैलरी व दूसरे कीमती सामान थे। महिला के पति ने जब विक्रम चालक को रोकने का प्रयास किया तो वह विक्रम लेकर भाग गया। घटना के बाद महिला ने खुल्दाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। घटना की जानकारी होते ही पुलिस ने विक्रम को ट्रेस करना शुरू किया। घंटे बाद ही पुलिस को सफलता मिल गई। पुलिस ने विक्रम चालक को गिरफ्तार कर लिया और महिला का बैग भी बरामद कर लिया।

लखनऊ से शादी में शामिल होने आयी थी महिला

लखनऊ में रहने वाली सबा अंजूम अपने पति सेख मसूद के साथ अपने रिलेटिव अजीजुर्रहमान के यहां शादी में शामिल होने के लिए करेली आयी थी। रात में शादी समारोह में शामिल होने के बाद वेडनसडे मार्निग वह लखनऊ जाने के लिए विक्रम से स्टेशन पहुंची। स्टेशन पहुंचने के बाद महिला के पति मसूद सामान उतारने लगे। इसी बीच विक्रम चालक वहां से भागने लगा। विक्रम में महिला का गहनों से भरा बैग व नकद रुपए थे। चालक को भागता देख मसूद शोर मचाने लगे। लेकिन विक्रम चालक भाग गया। मसूद ने विक्रम का नम्बर नोट कर लिया और वे खुल्दाबाद थाने पहुंचे। जहां उन्होंने विक्रम चालक का हुलिया बताया और विक्रम का नम्बर भी पुलिस को दे दिया। विक्रम के नम्बर से पुलिस ने दो घंटे के भीतर चालक वसीम पुत्र मकबूल को गिरफ्तार कर लिया। वह करेली के गौसनगर का रहने वाला है।