कानपुर। इन दिनों दक्षिण पूर्व अरब सागर में और उसके आस-पास के पूर्वी इलाकों में लो प्रेशर बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि इस इलाके में हवा के कम दबाव की वजह से चक्रवात की आशंका बनी हुई है। चक्रवात समुद्र तल से करीब 7.6 किमी ऊपर तक जा सकता है। अगले 24 घंटों में यह उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ता हुआ जल्द ही ओमान तट की ओर जाएगा। वहीं दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी इलाके में भी एक लो प्रेशर बनता नजर आ रहा है। इसकी चपेट में आस-पास के इलाके आ सकते हैं।

ओडिशा और आंध्र के तटीय इलाकों पर असर
बंगाल की खाड़ी में कब दबाव की वजह से आने वाले 48 घंटों में ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके चपेट में आ सकते हैं। दक्षिण-पश्चिमी की ओर से लौटता मानसून बंगाल, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र, तेलंगाना के सभी इलाकों, बंगाल की मुख्य खाड़ी, तटीय आंध्र प्रदेश, मध्य अरब सागर, रायलसीमा और कर्नाटक के कुछ हिस्सों से गुजरेगा। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप के ज्यादातर इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप  में आने 4 से 5 दिनों तक कहीं-कहीं भारी बारिश और तूफान की आशंका है।

इन इलाकों में हुई झमाझम बारिश

शुक्रवार को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पुडुचेरी में काफी उमस रही और बारिश भी हुई। जम्मू व कश्मीर, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम,  मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कोंकण और गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम मध्य प्रदेश में बारिश हुई। करैकल में 12 सेंटीमीटर, कुड्डालोर और नापाट्टिनम में 5 सेंटीमीटर, कारवार, मानवाड़, पुडुचेरी और तुतीकोरिन 4 सेंटीमीटर और भरतपुर, मालंजखंड, शिरली, धर्मपुरी और पोर्ट ब्लेयर में 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

भुज सबसे गर्म और भटिंडा रहा देश में सबसे ठंडा
शुक्रवार को केरल में कुछ स्थानों पर, जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में, महाराष्ट्र, दक्षिण कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, त्रिपुरा, तमिलनाडु और पुडुचेरी, केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप में कल गरज के साथ तूफानी हवाएं चलीं। वहीं एक दिन पहले का तापमान देखे तो देश का गर्म इलाका गुजरात का भुज रहा। यहां 41.2 डिग्री सेल्सियस का उच्चतम तापमान दर्ज हुआ था। इसके अलावा सबसे ठंडा इलाका पंजाब का भटिंडा रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

केरल समेत इन इलाकों में होगी भारी बारिश और चलेंगी चक्रवाती हवाएं, जानें पूरे देश के मौसम का हाल

 

National News inextlive from India News Desk