RANCHI: अगर आप भी दुर्गा पूजा में रांची घूमने आ रहे हैं और घूमने में लेट हो जाए तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। चूंकि रांची के सभी शेल्टर होम आपके स्वागत के लिए तैयार हैं। नगर आयुक्त ने दुर्गा पूजा को देखते हुए सभी शेल्टर होम को 24 घंटे खोलने का आदेश दिया है। जहां लोगों के ठहरने की व्यवस्था होगी। उन्हें जरूरी सुविधाएं भी शेल्टर होम के संचालक उपलब्ध कराएंगे। बताते चलें कि दुर्गा पूजा में शहर के अलावा आसपास से काफी संख्या में लोग पंडाल घूमने आते हैं। ऐसे में देर होने पर उन्हें लौटने में परेशानी होती है या फिर जहां-तहां मजबूरी में रात गुजारते हैं।

ठहरने का कोई चार्ज नहीं

कहीं भी रात गुजारने के लिए लोगों को पैसे खर्च करने पड़ेंगे। लेकिन शेल्टर होम में ठहरने के लिए लोगों को कोई चार्ज नहीं देना है। वहीं 24 घंटे फ्री सेवा मिलने से लोगों को आराम करने का मौका मिल जाएगा। इसके बाद वे दूसरे दिन भी राजधानी के पंडालों में घूमकर लौट जाएंगे।

ऑन कॉल एंबुलेंस फैसिलिटी

राजधानी में लोगों की सुविधा के लिए शेल्टर होम बनाए गए हैं। 11 शेल्टर होम में लोगों के ठहरने की व्यवस्था है। जहां बेड के अलावा पुरुष और महिलाओं के लिए सेपरेट व्यवस्था है। इसके अलावा जरूरी दवाएं और कंबल भी उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं जरूरत पड़ने पर लोगों को ऑन कॉल एंबुलेंस भी उपलब्ध होगी।

कहां-कहां हैं शेल्टर होम

बिरसा चौक

जगन्नाथपुर मंदिर

धुर्वा बस स्टैंड

पहाड़ी मंदिर

डोरंडा एजी मोड़

सेवा सदन

बकरी बाजार

कर्बला चौक

मधुकम खादगढ़ा

आईटीआई बस स्टैंड

रिम्स