- इविवि के हास्टल्स पर छाई खुमारी, रोक के बावजूद डीजे की धुन पर बीच राह हुड़दंग

ALLAHABAD: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के हॉस्टल्स पर होली की खुमारी सिर चढ़कर बोल रही है। हास्टल्स व लॉज के लड़के अपनी खुशी का इजहार सड़क पर उतरकर कर रहे हैं। उनके हुड़दंग के आगे सभी नियम कानून बौने साबित हो रहे हैं। पुलिस की सख्ती भी काम नहीं आ रही। होलिका दहन से एक दिन पहले भी यूनिवर्सिटी रोड पर यह नजारा आम रहा। इससे पुलिस और पब्लिक दोनों हलकान रहे।

एक सप्ताह से सिलसिला

बता दें कि होली से पहले यूनिवर्सिटी रोड पर होली का हुड़दंग होना आम बात है। हर बार की तरह इस बार भी हास्टलर्स पर होली का सुरूर छाया हुआ है। पिछले एक सप्ताह से विभिन्न हास्टल्स के अंत:वासी हास्टल के भीतर और बाहर मस्ती के मूड में नजर आ रहे हैं। हर एक दिन बारी बारी से अलग अलग हास्टल के लड़के ढोल, ताशे और डीजे की धुन पर निकल रहे हैं। इसके लिए हास्टल और आसपास के लॉज में रहने वाले लड़के सुबह से ही तैयारी करते नजर आ सकते हैं। दोपहर और शाम तक यह नजारा आम है।

कपड़ा फाड़ होली का दौर

मंडे को भी यूनिवर्सिटी रोड पर यह नजारा देखने को मिला। डीजे की धुन पर नाचते गाते लड़के निकले तो देखने वालों की भी भीड़ जमा रही। हास्टल के लड़के अपने ही अंदाज में नए पुराने गानों पर नाचते गाते निकले। उनकी कपड़ा फाड़ होली भी देखते ही बनी। उधर लड़कों का हुड़दंग उफान पर पहुंचते ही पास स्थित इविवि के वुमेन कॉलेज कैम्पस की सरगर्मी भी बढ़ गई है। हास्टल की लड़कियों का कहना है कि लड़के डीजे लेकर उनके हास्टल के बाहर तक आ जा रहे हैं। लड़कियों का कहना है कि लड़के ऊटपटांग गाने बजवाते हैं और डांस करते हैं। उन्हें रोकने टोकने वाला कोई नहीं है।

चेतावनी बनी बेमानी

गौरतलब है कि पिछले दिनों इलाहाबाद यूनिवर्सिटी, जिला प्रशासन एवं पुलिस के अफसरों की बैठक हुई थी, जिसमें निर्णय लिया गया था कि इविवि के किसी भी हास्टल के अंत:वासी डीजे लेकर सड़क पर नहीं निकलेंगे। हास्टल के अंदर भी डीजे बजाने पर रोक लगाई गई थी। इसके पीछे बड़ा कारण यूनिवर्सिटी में चल रही परीक्षाएं भी थीं। चेतावनी दी गई थी कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। बावजूद इसके इस सख्ती का कोई असर देखने को नहीं मिल रहा। हालांकि, कर्नलगंज पुलिस अब तक दो हास्टल के लड़कों के खिलाफ सख्ती दिखा चुकी है।