- जून के फ‌र्स्ट वीक में शुरू होगी काउंसिलिंग

- 28 हजार स्टूडेंट्स के आय प्रमाण पत्र गलत

- 2.33 लाख कैंडीडेट्स ने किया था आवेदन

- 2.10 लाख कैंडीडेट्स हुए थे एग्जाम में शामिल

- 2,09,241 कैंडीडेट्स के रिजल्ट जारी किए गए हैं

- 1,26,169 महिला कैंडीडेट्स को मिली सफलता

- 84,266 पुरुष कैंडीडेट्स पास हुए

LUCKNOW:

ज्वॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई), बीएड-2018 का रिजल्ट शुक्रवार को जारी कर दिया गया। जिसमें इलाहाबाद के अभिषेक कुमार अवस्थी ने 341 मा‌र्क्स के साथ पहला स्थान हासिल किया। 324.67 मा‌र्क्स के साथ दूसरे नंबर पर आगरा की जिम्मी सौरभ और तीसरे नंबर पर 309.33 मा‌र्क्स के साथ गोरखपुर के सत्येंद्र कुमार मिश्रा रहे। एलयू प्रशासन ने शुक्रवार को ये नतीजे जारी किए। बीएड कोऑर्डिनेटर प्रो। एनके खरे ने बताया कि कैंडीडेट्स रिजल्ट यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर देख सकते हैं।

1174 के रिजल्ट रोके गए

बीएड-2018 में 2.33 लाख कैंडीडेट्स ने आवेदन किया था। एग्जाम में 2.10 लाख कैंडीडेट्स शामिल हुए थे। कोऑर्डिनेटर प्रो। एनके खरे ने बताया कि कुल 2,09,241 कैंडीडेट्स के रिजल्ट जारी किए गए हैं। जिनमें 84,266 पुरुष और 1,26,169 महिला हैं। 1174 कैंडीडेट्स ने सिर्फ एक पेपर की परीक्षा दी थी इसलिए इनके रिजल्ट जारी नहीं किए गए। जबकि दस कैंडीडेट को यूएफएम के मामले में पकड़े जाने पर फेल कर दिया गया है।

10 टॉप में छाए ब्वॉयज

इस बार एग्जाम में महिलाओं के मुकाबले पुरुष कम शामिल हुए थे। इसके बाद भी टॉप टेन में सिर्फ एक महिला कैंडीडेट ही जगह बना पाई। इनमें दूसरे स्थान पर रहने वाली आगरा की जिम्मी सौरभ शामिल हैं।

जून के फ‌र्स्ट वीक से काउंसिलिंग

बीएड कॉलेजों में एडमिशन के लिए काउंसिलिंग की प्रक्रिया जून के फ‌र्स्ट वीक से शुरू होगी। इस बार काउंसिलिंग के लिए कैंडीडेट्स को सेंटर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एलयू प्रशासन ने इसे ऑनलाइन कराने का फैसला लिया है। इस बार डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन के लिए कैंडीडेट्स को परेशान नहीं होना पड़ेगा। काउंसिलिंग के दौरान वह ऑनलाइन ही अपने विकल्प भरेंगे। मेरिट के आधार पर कॉलेज आवंटित होगा। इस बार काउंसिलिंग फीस भी बढ़ाई जा रही है। पिछले वर्ष यह 500 रुपये थी, जो अब 750 रुपये होगी।

28 हजार से अधिक के आय सर्टिफिकेट गलत

प्रो। खरे ने बताया कि इस बार काउंसिलिंग से पहले ही सभी कैंडीडेट्स के डॉक्यूमेंट का वेरीफिकेशन करा लिया गया है। जिसमें 28 हजार कैंडीडेट्स ऐसे हैं जिनके आय प्रमाण पत्र का डॉक्यूमेंट वैध नहीं है। इन सभी को एसएमएस से सूचित कर दिया गया है। सभी को एक सप्ताह के अंदर अपने आय प्रमाण पत्र जो एक जनवरी 2018 के बाद बना हो अपलोड करना होगा।

जुलाई के फ‌र्स्ट वीक से डायरेक्ट एडमिशन

इस बार सभी कॉलेजों में काउंसिलिंग के बाद खाली सीटों को भरने के लिए डायरेक्ट एडमिशन का मौका जुलाई के फ‌र्स्ट वीक से दिया जाएगा। इसके लिए सभी कॉलेजों को अपने लॉगइन आईडी के माध्यम से स्टूडेंट्स की लिस्ट लखनऊ यूनिवर्सिटी के नोडल सेंटर भेजनी होगी। जहां से यह एडमिशन फाइनल किए जाएंगे। वहीं इस बार कॉलेजों को सीटों के निर्धारण के लिए 20 मई तक समय दिया गया है। सभी स्टेट यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार अपने लॉगइन आईडी से सीटों की डिटेल भेजेंगे। प्रो। खरे ने बताया कि इस बार 15 जुलाई तक बीएड एडमिशन की प्रक्रिया समाप्त कर दी जाएगी।

टॉप टेन में शामिल कैंडीडेट्स

नाम शहर मा‌र्क्स

1. अभिषेक कुमार अवस्थी इलाहाबाद 341

2. जिम्मी सौरभ आगरा 324.67

3. सत्येन्द्र कुमार मिश्र गोरखपुर 324.33

4. राजीव कुमार पांडेय फैजाबाद 320.67

5. शिव शंकर इलाहाबाद 318.67

6. राहुल कुमार पांडेय फैजाबाद 317.67

7. रवीश कुमार वाराणसी 317

8. आकाश पांडेय वाराणसी 314

9. देवेन्द्र कुमार मेरठ 313.67

10. संजय राजपूत झांसी 313.33