- अधिकारी, कर्मचारी बनाकर लगाया चूना

- पीडि़तों ने दी राजघाट पुलिस को तहरीर

GORAKHPUR: राजघाट एरिया के हावर्ट बंधे पर अस्पताल चलाने वाले डॉक्टर पर सैकड़ों लोगों से ठगी करने का आरोप लगा है। राजघाट पुलिस को तहरीर देकर पीडि़तों ने अस्पताल में एनजीओ बनाकर जालसाजी का आरोप डॉक्टर पर लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। इंस्पेक्टर ने कहा कि इस प्रकरण में जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य सेवाओं में छूट का झांसा

संतकबीर नगर, खलीलाबाद के बरदहिया बाजार निवासी सूरज सिंह की पत्नी सत्यभामा, इसी जिले के नाथनगर निवासी सर्वेश ओझा, गोरखनाथ एरिया के जटाशंकर निवासी यश त्रिपाठी सहित कई लोग सोमवार को राजघाट थाना पहुंचे। इन लोगों ने आरोप लगाया कि हावर्ट बंधे पर अस्पताल चलाने वाले एक डॉक्टर ने उनके साथ ठगी की। रुपए मांगने पर रंगदारी के मामले में फर्जी तरीके से फंसाने की धमकी दी। पीडि़तों ने पुलिस को बताया कि डॉक्टर ने एनजीओ खोलकर अपना जाल फैलाया है। सबको अपने एनजीओ में नौकरी देकर पब्लिक को स्वास्थ्य सेवाओं में छूट देने का झांसा दिलाकर कार्ड बनवाता है। कार्ड के बदले हर व्यक्ति से सौ रुपए की वसूली की जाती है।

कर्मचारियों को नहीं दिया वेतन

लोगों ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले वे डॉक्टर से जुड़े। डॉक्टर ने सभी को अपने एनजीओ में नौकरी दी। इसके बदले में हर व्यक्ति से उसने 15 सौ से लेकर दो हजार तक वसूली की। इसके बाद सभी को काम पर लगा दिया। डॉक्टर ने सभी से कहा कि अपने अंडर में कम से कम 10 लोगों को जोड़े। हर व्यक्ति गांव-गांव जाकर पब्लिक का हेल्थ कार्ड बनवाएगा। हेल्थ कार्ड बनाने पर हर व्यक्ति को कमीशन, टीए-डीएम का लालच भी दिया। कुछ महीनों तक काम करने के बाद डॉक्टर ने किसी को वेतन नहीं दिया।

लाभ न मिलने पर भड़की पब्लिक

बेरोजगार युवकों ने डॉक्टर के झांसे में आकर नौकरी शुरू कर दी। लेकिन किसी को कोई लाभ नहीं मिला। उधर डॉक्टर कार्ड बनवाने वाली पब्लिक को ठगा गया। हेल्थ कार्ड बनवाने मरीजों को अल्ट्रासाउंड में 30 प्रतिशत, दवा खरीदने पर 20 प्रतिशत, एक्सरे में 25 प्रतिशत और ऑपरेशन में 50 फीसदी की छूट नहीं दी गई। पीडि़तों ने आरोप लगाया कि कई महिलाओं को झांसे में रखकर काम करने वाले डॉक्टर ने रुपए मांगने पर जानमाल की धमकी दी। उसकी गलत हरकतों से तंग आकर कई महिला कर्मचारियों ने नौकरी छोड़ दी थी।

वर्जन

पीडि़तों की तहरीर पर जांच पड़ताल की जा रही है। डॉक्टर ने फर्जीवाड़ा करते हुए लोगों के साथ ठगी की है। उस पर छेड़छाड़ करने का आरोप भी लगा है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

- गोपाल त्रिपाठी, इंस्पेक्टर, थाना राजघाट