GORAKHPUR: बेलीपार के नौसढ़ में एक महिला ने अपने दामाद पर बेटी को दहेज के लिए छत से ढकेलने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। बेलीपार के नौसढ, चकी गांव, बेलदारी टोला निवासी जगत केवट के बेटे मुराली व नौसढ़ जवाहर चौक हरैया निवासी अंजलि निषाद पुत्री सोहन निषाद के बीच पढाई के दौरान ही प्रेम संबंध हो गया था। इसके बाद दोनों के परिजनों ने दो महीने पहले दोनों की शादी करा दी। गुरुवार को लड़की की मां उषा देवी ने बेलीपार पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही लड़के द्वारा लड़की को प्रताडि़त किया जा रहा था। वहीं, 15 दिनों से बाइक खरीदने के लिए पैसे की मांग की जा रही थी। इसे लेकर हुई कहासुनी के बाद बीती रात करीब दो बजे उसने लड़की अंजलि को छत से नीचे धकेल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को बेलीपार पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीडि़ता की मां की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की पड़ताल कर रही है।