- श्रद्धालुओं ने सुनाई आप बीती, लंगर वालों की मदद से सकुशल लौटे हैं श्रद्धालु

- सुरक्षा में तैनात पुलिस श्रद्धालुओं पर बरसा रही लाठियां, कई हुए चोटिल

BAREILLY:

अमरनाथ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं के मन में आतंकियों की दहशत समाई हुई है। इस दहशत को कम करने के बजाय स्थानीय पुलिस भी लोगों के साथ बर्बर रवैया अपना रही है। पिछले कई दिनों से हालात को संभालने में नाकाम पुलिस दर्शनार्थियों पर अपनी खीझ उतार रही है। यह कहना है बरेली से कुछ दिनों पहले अमरनाथ यात्रा पर गए जत्थे का। जत्थे में शामिल सभी यात्रियों ने सकुशल वापसी पर जम्मू के हालात और अपनी आप बीती सुनाई।

यहां क्यों आते हो

यात्रियों के मुताबिक जम्मू कश्मीर का प्रशासन श्रद्धालुओं का कोई सहयोग नहीं कर रही। सुरक्षा में लगी स्थानीय पुलिस यात्रियों पर आक्रोश उतार रही है। बजाय मदद करने के अमरनाथ यात्रा पर न आने की सीख दे रहे हैं। वहीं, पुलिस से जब लोगों ने जबरन वसूली की बात कही तो उन्होंने उगाही रोकने के बजाय रुपए दे देने की सलाह देने लगे। बताया कि वहां पर प्रशासन ने शरणार्थी गृह के नाम पर खुले मैदानों में मिनी जेल बना रखी है। जहां निर्देश फॉलो न करने पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। जिसमें बरेली के जत्थे का नेतृत्व कर रहे प्रमोद मिश्रा, हरिओम गौतम, मनोज उपाध्याय, झांझनलाल, आरडी रघुवंशी बुरी तरह चोटिल भी हो गए।