- अमरनाथ यात्रा के लिए अभी तक 1121 लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन

- पिछली बार से ज्यादा इस बार रांची को मिला है कोटा

- रांची से एक दिन में बालटाल से 30 और पहलगाम से 30 का कोटा

RANCHI: अमरनाथ यात्रा 2 जुलाई से शुरू हो रही है। हर साल की तरह इस बार भी रांची से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमरनाथ रवाना होंगे। इस यात्रा के लिए 29 मार्च से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया था, अब तक एक हजार 121 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। 59 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 29 अगस्त के दिन संपन्न होगी। यात्रा पर जाने के लिए डॉ। फतेहउल्लाह चौक स्थित जे एंड के बैंक में हर रोज रजिस्ट्रेशन कराए जा रहे हैं।

ऑनलाइन डाउनलोड करें फॉर्म

अमरनाथ यात्रा के लिए यात्री जे एंड के बैंक से रजिस्ट्रेशन फॉर्म ले सकते हैं या श्राइन बोर्ड की वेबसाइट से ऑनलाइन डाउनलोड भी कर सकते हैं। फॉर्म भरने के साथ यात्री को एड्रेस प्रूफ, मेडिकल फिटनेस सर्टीफिकेट भी अटैच करना होगा। इसकी जांच के बाद ही जे एंड के बैंक द्वारा रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। रिम्स और सदर अस्पताल के मेडिकल फिटनेस सर्टीफिकेट को ही मान्यता है। बैंक की ओर से 59 रु के रजिस्ट्रेशन फीस लेने के बाद रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।

21 अगस्त को लास्ट रजिस्ट्रेशन

अमरनाथ यात्रा पर जाने से पहले कम से कम आठ दिन का समय रजिस्ट्रेशन प्रॉसेस में लग रहा है। इस बार यह यात्रा 29 अगस्त को संपन्न होगी, इसलिए रांची में 21 अगस्त को आखिरी रजिस्ट्रेशन की जाएगी। पिछले साल रांची से अमरनाथ यात्रा के लिए 1258 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। जबकि इस बार 1121 लोगों का रजिस्ट्रेशन अभी तक हो चुका है। रांची में अमरनाथ यात्रा के लिए सिर्फ जे एंड के बैंक से ही रजिस्ट्रेशन हो रहा है। जबकि झारखंड के कुछ जिलों में यश बैंक और पीएनबी बैंक से भी रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है।

सिर्फ 14-70 साल वाले जाएंगे

अमरनाथ यात्रा पर 14 से 70 साल तक की उम्र वाले लोग ही जा सकेंगे। रजिस्ट्रेशन के वक्त एज लिमिटेशन ध्यान में रखा जा रहा है। कई लोग रजिस्ट्रेशन के वक्त कम या ज्यादा साल के लोगों को ले जाने की रिक्वेस्ट करते हैं, लेकिन इससे कोई फायदा नहीं होना वाला है।

रांची को इस बार ज्यादा कोटा

अमरनाथ जाने के लिए यात्री दो रास्तों से होकर जा सकेंगे। कश्मीर घाटी पहुंचकर बालटाल, सोनमर्ग के रास्ते और दूसरा चंदनवारी से पहलगाम मार्ग से अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन होंगे। पिछली बार की तुलना में इस बार रांची को दस-दस कोटा ज्यादा मिला है। पिछली बार रांची को जहां बालटाल के लिए 20 और पहलगाम से 20 का कोटा मिला था, वहीं इस बार दोनों मार्गो से एक दिन में 30-30 का कोटा मिला है।

वर्जन

उम्मीद है इस बार पिछले साल से ज्यादा लोग इस यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराएंगे। अभी तक 1121 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। अच्छी बात यह है कि इस बार रांची को ज्यादा कोटा भी मिला है। अमरनाथ यात्रा को बेहद सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए आर्मी और लोकल पुलिस की ओर से भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मैं खुद पिछले साल वहां कैंप में डेप्यूट था। खुशी है कि रांची के अमरनाथ यात्रियों के लिए मैं रजिस्ट्रेशन करवा रहा हूं।

-तारिक अहमद, नाउच्चू ब्रांच हेड, जे एंड के बैंक