समझाने पर भी नहीं मान रहे थे कार्यकर्ता

पब्लिक ने डर कर मोड़ दी अपनी गाड़ी

आगरा। दीवानी तिराहे एमजी रोड पर प्रदर्शन से वहां से गुजरने वाले लोगों में दहशत फैल गई। सड़क पर नारेबाजी करते देख बाहर से आने वाले वाहनों में बैठे लोग घबरा गए। इधर, जाम की वजह से एंबुलेंस भी फंस गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और गंतव्य तक पहुंचाने में मदद की।

अचानक पहुंच गए सड़क पर

पुलिस अधिकारी भाजपा पदाधिकारियों से बात कर रहे थे उसी दौरान अचानक संगठन के लोग सीधे सड़क पर पहुंच गए और वहीं पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर प्रदर्शन और नारेबाजी शुरु कर दी। सड़क पर उस दौरान वाहनों की भीड़ थी। भीड़ को देख लोगों ने दहशत में वाहन दौड़ा दिए।

लोगों ने बहाया पसीना

पुलिस कार्रवाई का आश्वासन दे चुकी थी। भाजपा के पदाधिकारी भी भारत माता की प्रतिमा के पास थे, फिर भी संगठनों के लोग सड़क से हटने का नाम नहीं ले रहे थे। लोग घंटो धूप में जाम में फंसे पसीना बहा रहे थे। लोग जाम खुलने का इंतजार कर रहे थे। कई बच्चे वाहनों में बिलख रहे थे। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी हुई तो और अधिक हालत खराब हो गई।

कई बार किया समझाने का प्रयास

सड़क पर जाम लगा रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद व बजरंग दल के लोग देर तक सड़क पर डटे रहे। पुलिस व अन्य लोग उन्हें बार-बार समझा रहे थे, लेकिन वह हटने का नाम नहीं ले रहे थे। 12:53 पर लोगों ने रोड के दूसरी तरफ भी जाम लगा दिया। इसके बाद हालात और अधिक बिगड़ गए। चूंकि यहां से डायवर्जन नहीं हो सकता था। सीओ कोतवाली व सीओ छत्ता पहुंच गए। हटने के लिए बोला लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने।

एम्बूलेंस फंस गई जाम में

सड़क पर लगे जाम में सबसे अधिक वह लोग परेशान थे जो बीमार थे। जाम में कई एम्बूलेंस फंस गई, जो आगे की तरफ थी वह किसी तरह निकाल दी गई, लेकिन जो बीच में थी, उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। किसी तरह उन एम्बूलेंस को चालक प्रदर्शन स्थल से निकालकर ले जा रहे थे। कुछ लोग जाने के लिए मिन्नतें तक कर रहे थे। जाम के चलते यातायात व्यवस्था बाधित हो गई थी।