- पूरे देश में गंगा-यमुना में गिरने वाले नाले बंद होंगे

- देश की समस्या समाधान के रास्ते भी तलाशे संत समाज

वृंदावन: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को यहां कहा कि केंद्र सरकार के निर्मल गंगा के संकल्प के साथ निर्मल यमुना की बात भी जुड़ी हुई है। पूरे देश में गंगा-यमुना में गिरने वाले नाले बंद होंगे। उन्होंने देश की समस्याओं के समाधान के लिए संत समाज से रास्ते तलाशने का आह्वान भी किया।

वात्सल्य ग्राम में हो रहे श्रीमद् भागवत कथा-प्रवचन में शामिल होने आए श्री शाह ने कहा कि वह मन से यमुना में अविरल धारा, संरक्षण और संवर्धन चाहते हैं। यमुना के साफ हुए बिना गंगा नदी साफ नहीं हो सकती। यमुना में गिरने वाले नालों को रोकना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। संत-सन्यासी समाज का मार्गदर्शन करते हुए देश की समस्याओं के निराकरण का रास्ता भी तलाशें। समस्याओं का समाधान यहीं से आना है। श्री शाह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शरण में जाकर ही दुनिया का कल्याण हो सकता है। वात्सल्य ग्राम और इसके प्रकल्पों के बारे में जानकर सुखद अहसास हुआ। यहां वात्सल्य को संजो कर रखा गया है। साध्वी ऋतंभरा की समाज सेवा से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

जुबां पर आ गई 'राजनीति' की बात

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने श्रीमद भागवत कथा के मंच से राजनीति की बातें नहीं करने की बात भले ही कही, मगर बातों की बातों में राममंदिर का जिक्र आ ही गया। वर्ष 90 के दशक में राममंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि तब साध्वी ऋतंभरा का संबोधन सुनने के लिए लाखों लोगों की भीड़ उमड़ती थी। वह रामभक्तों के लिए प्रेरणा का काम करती थीं। लेकिन अब, साध्वी ऋतंभरा वात्सल्य ग्राम के जरिए देश-दुनिया का सेवा कर रही हैं। श्री शाह ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार देश में बेरोजगारी और गरीबी दूर करना चाहती है। लेकिन, इसके साथ ही देश की आध्यात्मिक ऊंचाई एक इंच भी कम नहीं होने देना चाहती। जब तक हम (भाजपा) जनता के बीच दुबारा जनादेश के लिए जाएंगे, तब तक यमुना की हालत ऐसी (मैली) नहीं रहेगी।

विरोधियों को घेरेगी भाजपा: श्रीकांत

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में कथित देशद्रोही गतिविधियों और इस मामले में कुछ छात्र नेताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ विपक्षियों को भाजपा बख्शने के मूड में नहीं है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि जेएनयू प्रकरण में विपक्षी दलों के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक लड़ा जाएगा। वात्सल्य ग्राम में बुधवार को श्रीमद भागवत कथा सुनने आए श्रीकांत शर्मा ने दैनिक जागरण को बताया कि जेएनयू प्रकरण से विरोधी राजनीतिक दलों का देशप्रेम उजागर हो गया है। कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल अब भाजपा के खिलाफ अपनी खिसियाहट निकाल रहे हैं। उत्तर प्रदेश में सपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है। बुधवार को आए उप चुनावों के परिणाम इसे साबित भी कर रहे हैं। यूपी में अगली सरकार भाजपा की बनेगी।