किन्नर अखाड़ा के अमरत्व स्नान में उमड़ी भीड़

शहीद सैनिकों की आत्मा की शांति के लिए किया पूजन

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: माघ पूर्णिमा पर किन्नर अखाड़ा के संतों ने शाम को अपनी परम्परा का निर्वहन करते हुए संगम तट पर अमरत्व स्नान किया। इस दौरान सबसे पहले किन्नर की बऊचरा माता और महाकाल की प्रतिमूर्ति को संगम में स्नान कराया गया। इसके बाद अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के साथ बड़ी संख्या में संत और गृहस्थ लोग स्नान में शामिल हुए। अमरत्व स्नान के बाद किन्नर अखाड़ा प्रमुख ने जम्मू के पुलवामा की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए शहीद जवानों की आत्मा के लिए शांति पाठ करते हुए पूजन किया।

घटना से किन्नर समाज आहत

किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी महाराज ने जम्मू की घटना पर कहा कि सरकार राजनीति करने की बजाय पाकिस्तान को मुंहतोड जवाब दे। इस घटना से सबसे अधिक किन्नर समाज को दुख हुआ है। जो भी बच्चा जन्म लेता है, किन्नर समाज उनकी सलामती और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करता है। ऐसे में अगर उन बच्चो की मौत आतंकी घटनाओ में होती है तो सबसे अधिक दुख इसी समाज को होगा।

मददगारों को भी दें सख्त सजा

आचार्य ने कहा कि देश में आतंकवादियों की मदद करने वालों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कारवाई की जाये। आचार्य ने कहा कि कुंभ मेला के अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर स्नान के बाद पांच मार्च मंगलवार को सुबह नौ बजे दारागंज से आभार यात्रा निकलेगी। सहयोग और सम्मान करने के लिये शहर के लोगो को धन्यवाद देते हुए आश्रम के लिये प्रस्थान करेंगे। किन्नर अखाड़ा के आचार्य के साथ महामण्डलेश्वर मयूरी माई, पुष्पा माई, पवित्रा माई, संजना माई, कमल माई, कामिनी, पिताम्बरा, जोया त्रिपाठी, मुस्कान, सतपुत्र अनुराग शुक्ला समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।