एक सनसनीखेज गठजोड़ का खुलासा

बद्दो और बाफर ने मिला रखा है हाथ

पुलिस ने इस गैंग के कई लोग उठाए

पवित्र हत्याकांड से एक सनसनीखेज गठजोड़ का खुलासा हुआ है। ये गठजोड़ है सुशील मूंछ, बदन सिंह बद्दो और भूपेंद्र बाफर का। इस हत्याकांड में शक की सुई इसी गैंग की तरफ घूम गई है। बदन सिंह बद्दो गैंग के कई बदमाशों को पुलिस ने उठा लिया है। थाना जानी के बाफर गांव से भी कुछ लोग पूछताछ के लिए उठाए गए हैं।

बदन सिंह
पुलिस सूत्रों के अनुसार बदन सिंह बद्दो गैंग ने ही इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। पुलिस ने मान लिया है कि बाफर और बद्दो ने हाथ मिला रखा है। ये पूरा गैंग एक ही है। पुलिस ने बाफर से करीब आधा दर्जन लोगों को उठाया है। वहीं, बद्दो गैंग के करीब एक दर्जन लोगों से पूछताछ चल रही है।

क्या गुल खिलाएगा
अब जबकि पुलिस ने मान लिया है कि बद्दो और बाफर एक ही गैंग है तो सवाल उठता है कि ये गैंग क्या-क्या गुल खिलाएगा। बाफर का सनसनीखेज दावा संकेत दे रहा है कि जिले में अभी और खून बहेगा। उस पर ये गठजोड़ पुलिस के लिए चुनौती बनना तय है। इस बात को पुलिस के कुछ पूर्व अधिकारी भी स्वीकार रहे हैं कि बद्दो और बाफर ने काफी पहले हाथ मिला लिया था। ये दोनों ही पुलिस रिकॉर्ड में फरार हैं। पुलिस ने इन पर एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। इन दोनों के साथ सुशील मूंछ भी है।

पवित्र क्यों?
सवाल उठता है कि आखिर डेन गैलेक्सी के मैनेजर पवित्र को क्यों ठिकाने लगाया गया। क्या इस गठजोड़ के निशाने पर वेस्ट यूपी का केबल नेटवर्क है। वो नेटवर्क जो बरसों से सोना उगल रहा है। क्या ये गठजोड़ इस नेटवर्क पर कब्जा चाहता है। अगर ऐसा है तो केबल व्यवसाय पर कब्जा करने के लिए ये गठजोड़ कुछ भी कर सकता है।

कोई नहीं सामने
पुलिस के पूर्व अधिकारियों के अनुसार इस गैंग के सामने अब कोई नहीं है। जडेजा जेल में है। उसका काम अलग कर दिया गया है। सूबे के जुर्म के तीन सबसे बड़े महारथी एक साथ आ गए हैं। पुलिस के लिए ये सबसे बड़ी चुनौती बन गए हैं।

पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर रही है। बाफर से भी कुछ लोग उठाए गए हैं। अभी यह कहना मुश्किल है कि इस हत्याकांड में किस गैंग का हाथ है।
सुधीर कुमार सिंह, एसपी क्राइम