जयपुर (आईएएनएस)। अलवर में पति के सामने एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले के बाद हैवानियत का एक और मामला सामने आया है। शहर के थानागाजी पुलिस स्टेशन में सामूहिक दुष्कर्म के लिए मंगलवार को एक और प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पीड़िता का आरोप है कि कैलाश मीना नाम के एक व्यक्ति और उसके चार साथियों ने उसे 27 अप्रैल को भरतारी धाम में उसे गन्ने का जूस पिलाया, जिसके बाद उसे चक्कर आ गया। आरोपी उसे एक बोलेरो में यह कहते हुए ले गए कि वे उसे एक डॉक्टर के पास ले जा रहे हैं। महिला ने बताया कि जब उसे होश आया, तो उसने खुद को एक कमरे में पाया, जहां पर विश्रम के रूप में पहचाने गए एक अन्य व्यक्ति की उपस्थिति में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था।

पीड़िता को ले गए जयपुर और अजमेर

आरोपी उसे अगले दिन प्रताप गांव ले गए, जहां उसे धमकाया और सख्ती से कहा कि किसी को इस मामले में कुछ नहीं बताना है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विश्राम की पत्नी ने उसे कैलाश की पत्नी के रूप में रहने के लिए मजबूर किया। अगले दिन उसे जयपुर और फिर अजमेर ले जाया गया। यहां, महिला ने अपने कुछ रिश्तेदारों से मुलाकात की और उन्हें पूरी घटना के बारे में बताई। इसके बाद उन्होंने थानागाजी पुलिस स्टेशन में जाकर मामला दर्ज कराया। पुलिस महानिदेशक कपिल गर्ग ने कहा कि कैलाश मीना इस मामले में मुख्य आरोपी है और जांच जारी है। राजस्थान में, विपक्षी भाजपा ने दुष्कर्म मामले को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से इस्तीफे की मांग की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

देवरिया का बालिका गृह कांड : 22 बच्चों का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज

पति के सामने किया सामूहिक दुष्कर्म

इससे पहले राजस्थान के अलवर के थानागाजी क्षेत्र में पति के सामने ही 5 युवकों ने एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस घटना के उन्होंने इसका एक विडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना 26 अप्रैल का है, जब महिला अपने पति के साथ ससुराल जा रही थी। इसी बीच रास्ते में दबंगों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद पति को बंधक बनाकर उसके सामने ही महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दंपति ने इस मामले को लेकर 2 मई को थानागाजी पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई। डीजीपी कपिल गर्ग ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जबकि चार फरार हैं।

Crime News inextlive from Crime News Desk