धूमनगंज के प्रीतम नगर की महिला से घर में घुस कर शोहदे ने की छेड़खानी

पुलिस की सुस्ती से सीएम के अभियान का शहर में नहीं दिख रहा असर

सड़क से लेकर घर तक में सुरक्षित नहीं रहीं महिलाएं व युवतियां

ALLAHABAD: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के एंटी रोमियों अभियान को शहर में छिछोरे धता बता रहे हैं। अभियान को लेकर पुलिस की सुस्ती का कड़वा सच शहर में आम है। यहां छेड़खानी जैसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। धूमनगंज के प्रीतम नगर एरिया में बुधवार की शाम एक महिला से घर में घुसकर छेड़खानी की गई। महिला ने छेड़खानी का विरोध किया तो शोहदों ने उसकी पिटाई कर दी। पति के साथ थाने पहुंची महिला ने मुकदमा दर्ज करा दी है।

घर पर अकेली थी महिला

प्रीतम नगर की एमआइजी कॉलोनी में रहने वाला एक शख्स कंपनी में जॉब करता है। बुधवार की शाम उसकी पत्‍‌नी घर में अकेली थी। महिला का आरोप है कि इसी दौरान विनय नाम युवक उसके घर में घुस गया। उसके बाद उसने अश्लील हरकत शुरू कर दी। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही उसने हाथ पकड़ लिया। जब महिला ने उसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर मदद के लिए आसपास के लोग दौड़े पड़े। लोगों को आते देख आरोपी विनय महिला को धमकी देते हुए भाग निकला। घटना को लेकर इंस्पेक्टर धूमनगंज बचन सिंह सिरोही का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। फिलहाल महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। मामले की जांच की जा रही है।

बाक्स

अनजान कॉल बना दी कंगालल ALLAHABAD: सिर्फ छेड़खानी ही नहीं साइबर क्राइम को भी रोक पाने में पुलिस पूरी तरह नाकाम है। साइबर क्राइम का ग्राफ शहर में बढ़ता ही जा रहा है। क्रिमिनल्स भोले-भाले लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। गुरुवार को साइबर क्रिमिनल्स ने रेलवे के कर्मचारी और एक व्यापारी को अपना शिकार बनाया। सरायममरेज के जंघई एरिया निवासी देवेन्द्र कुमार शुक्ल सूबेदारगंज स्थित उत्तर मध्य रेलवे के भंडार नियंत्रक कार्यालय में कार्यरत हैं। कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर अंजान नंबर से कॉल आई। खुद को बैंक कर्मी बताते हुए साइबर शातिर ने उनसे एटीएम का कोड नंबर पूछ लिया। इसके बाद खाते से 69 हजार 802 रुपये का ट्रांजेक्शन कर लिया। मोबाइल पर पैसा निकाले जाने का मैसेज आया तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसी तरह जीटीबी नगर करेली निवासी कारोबारी अमजद खान के खाते से शातिरों ने एक लाख 16 हजार रुपये उड़ा दिए। अमजद ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी।