- पुलिस और गण्यमान्य लोगों ने हस्तक्षेप कर गुंबद की मरम्मत कराई

Sardhana : बिनौली रोड पर नगर के बाहरी छोर पर स्थित एक धार्मिक स्थल का गुंबद असामाजिक तत्वों ने रविवार रात क्षतिग्रस्त कर दिया। सोमवार सुबह जानकारी मिलने पर वहां भीड़ लग गई। पुलिस व गण्यमान्य लोगों ने तत्परता दिखाकर गुंबद की मरम्मत शुरू करा दी। धार्मिक स्थल के प्रबंधकों ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

माहौल गरमाया

बिनौली रोड के बाहरी छोर पर संप्रदाय विशेष का धार्मिक स्थल व शिक्षण संस्था है। बाहर बनी दुकानों के बीच से ऊपर जाने का रास्ता भी है। यहीं से चढ़कर असामाजिक तत्वों ने रविवार देर रात धार्मिक स्थल का एक गुंबद क्षतिग्रस्त कर दिया। सोमवार सुबह धार्मिक स्थल के पदाधिकारियों ने गुंबद को क्षतिग्रस्त देख सूचना पुलिस व अन्य लोगों को दी।

मौके पर पुलिस

कुछ ही देर में भीड़ जुट गई। सीओ सरधना श्वेताभ पांडेय व इंस्पेक्टर मेहर सिंह भी दलबल के साथ पहुंच गए। एनुद्दीन शाह, एमीशाह और पूर्व चेयरमैन निजाम अंसारी भी पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और तत्काल गुंबद की मरम्मत शुरू कराई। मामला शांतिपूर्वक निपटने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।

प्रबंधक मेहराजुद्दीन ने घटना के संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम कराया है। इंस्पेक्टर मेहर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दावा किया कि जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।