नई दिल्ली (आईएएनएस)। केरल के बाढ़ में पीड़ितों की मदद के लिए अमेरिकी कंपनी ऐपल ने शनिवार को सात करोड़ रुपये मदद देने की घोषणा की है। आईफोन निर्माता ने अपने एक बयान में कहा कि वे केरल के विनाशकारी बाढ़ से दुखी हैं। कंपनी जीवन रक्षक कार्यों में लगी संस्थाओं और केरल के मुख्यमंत्री राहत कोष में सात करोड़ रुपये देगी। कंपनी चाहती है कि इस धनराशि का उपयोग बाढ़ में तबाह हो चुके घर और स्कूल बनाने के काम आए।

होम पेज, ऐप स्टोर और आई ट्यून पर लगाया सपोर्ट बैनर

केरल के बाढ़ पीड़ितों को राहत के लिए ऐपल ने अपने होम पेज पर सपोर्ट बैनर लगाया है। इस बैनर के जरिए ग्राहक बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दान दे सकेंगे। ऐपल ने कहा कि उन्होंने आई ट्यून और ऐप स्टोर पर डोनेशन बटन एक्टिवेट किया है। बड़ी आपदा के वक्त मदद जुटाने के लिए कंपनी आईट्यून स्टोर और ऐप स्टोर की मदद लेती है। ऐपल के कस्टमर 5, 10, 25, 50, 100 और 200 डाॅलर अपने क्रेडिट या डेबिट कार्ड का उपयोग करके दान दे सकते हैं।

बाढ़ केरल में सदी की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा

इस विनाशकारी बाढ़ में करीब 417 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। सैकड़ों लोग राहत शिविरों से अपने घर की ओर लौट चुके हैं। 2,787 राहत शिविरों में अब भी 8.69 लाख लोग शरण लिए हुए हैं। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शुक्रवार को कहा कि 29 मई से राज्य में बारिश हो रही है तभी से राज्य में जान-माल का नुकसान हो रहा है। राज्य में आई इस आपदा को सदी की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा माना जा रहा है।

Business News inextlive from Business News Desk