-राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए यूपी की टीम में चयनित हुए 15 तीरंदाज

-इस प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन ही तय करेगा रियो ओलंपिक में अवसर

Meerut : कैलाश प्रकाश स्पो‌र्ट्स स्टेडियम में 14 अक्टूबर से होने जा रही 36वीं राष्ट्रीय (महिला-पुरुष) तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए यूपी की टीम का चयन गुरुवार को किया गया। तीरंदाजी की कंपाउंड व रिकर्व प्रतियोगिताओं में आठ-आठ खिलाड़ी चयनित किए गए हैं। स्टेडियम में आयोजित चयन प्रक्रिया में चयनित 15 खिलाडि़यों में से आठ पुरुष व आठ महिलाएं शामिल हैं। प्रतियोगिता में भाग ले रहे प्रदेश के तीरंदाजों का प्रदर्शन उन्हें रियो आलंपिक में स्थान दिलाने में सहायक हो सकता है। यह जानकारी गुरुवार को स्टेडियम में आयोजित एक प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के महासचिव अजय गुप्ता ने दी।

आठ तीरंदाज हुए चयनित

उन्होंने बताया कि 12 से 17 सितंबर के दौरान गाजीपुर में हुई प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में आठ तीरंदाजों को चयनित किया गया था। उस समय कुछ खिलाड़ी राष्ट्रीय कैंप व कुछ सेना के विभिन्न कार्यक्रमों मे व्यस्त थे। उन खिलाडि़यों के आग्रह पर गुरुवार को दोबारा ट्रायल रखा गया, जिसमें आठ पुरुष व सात महिला तीरंदाजों को चयनित किया गया। चयन प्रक्रिया में 20 खिलाडि़यों ने हिस्सा लिया, जिनमें से सात लोगों को गुरुवार को चयनित किया गया। चयन समिति में कोच वेद कुमार, अनुपमा व नवीन त्यागी रहे।

दो-दो दिन होगी प्रतियोगिता

अजय गुप्ता ने बताया कि कंपाउंड व रिकर्व प्रतियोगिताएं दो-दो दिन होंगी। 14 व 15 अक्टूबर और कंपाउंड प्रतियोगिताएं और 17 व 18 अक्टूबर को रिकर्व प्रतियोगिताएं होंगी। 16 को टीमों का आगमन व प्रस्थान भर होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की महिला टीम ओलंपिक के लिए क्वालीफाई हो चुकी है और आशा है कि इस प्रतियोगिता से पुरुषों की टीम भी ओलंपिक में स्थान बनाएंगे। इस अवसर पर मेरठ तीरंदाजी संघ के जिला अध्यक्ष अरुण जिंदल, प्रेस प्रवक्ता हर्ष गोयल, प्रतियोगिता में स्टेडियम प्रभारी ललित नागदेव व अजय तोमर उपस्थित रहे।

ये करेंगे प्रदेश का प्रतिनिधित्व

रिकर्व प्रतियोगिता

महिला : गुरुकुल चोटी पुरा से इशिता व वर्षा, बागपत से मधु व गाजीपुर से नमिता।

पुरुष : गुरुकुल से चमन व सुमित, आर्मी से विश्वास कुमार व सोन भद्र से विजय।

कंपाउंड प्रतियोगिता

महिला : बागपत से साक्षी, वर्षिता व ऋतिका।

पुरुष : बागपत से हितेश व सचिन और सेना की ओर से अर्जुन व अरुण।