कांग्रेस ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को मुस्लिम बताने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए विकीपीडिया में जानकारी बदली गई है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने आज कहा कि नेहरू और उनके दादा को विकीपीडिया में मुस्लिम बताया गया है। उन्होंने कहा कि हेकिंग के जरिए जानकारी से छेड़छाड़ सरकारी आइपी एड्रेस नेशनल इनफॉरमेटिक सेंटर से हुई है। सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा कि विकीपीडिया पर पंडित नेहरू से संबंधित पेज को हैक करके उन्हें 'मुस्लिम' बताने का कुत्सति प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि इंटरनेट प्रोटोकॉल एड्रेस से पता चलता है कि भारत सरकार के लिए सॉफ्टवेयर प्रोवाइड कराने वाले एनआईसी के जरिए ऐसा किया गया। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि क्या इस मामले में कार्रवाई होगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश से माफी मांगने की भी मांग की। असल में विकीपीडिया पर जानकारी को संपादित कर नेहरू और उनके दादा को मुस्लिम बताया गया था। मामला 26 जून को सामने आया था। जिस सिस्टम से जानकारी को बदला गया था उसका आइपी एड्रेस सरकारी संस्थान एनआइसी का था। हालांकि हंगामे के बाद जानकारी को दुरुस्त कर दिया गया है।

इसके साथ ही सुरजेवाला ने ललित मोदी प्रकरण को लेकर सरकार के सामने पांच मांगें रखी। उन्होंने कहा कि ललित मोदी पर कांग्रेस सरकार द्वारा जारी पत्र सार्वजनिक किया जाए, सुषमा बताएं वह भगोड़े ललित मोदी से कितनी बार मिली, क्या छोटे मोदी बड़े मोदी की मदद कर रहे हैं, भाजपा के अंदर से मोदी की मदद की जा रही है और वसुंधरा राजे का इस्तीफा कब लिया जाएगा।

Hindi News from India News Desk

National News inextlive from India News Desk