सिविल लाइंस स्थित यूको बैंक में 17 लॉकर तोड़कर की थी करोड़ों की चोरी

कई राज्यों की पुलिस के लिए बना था सिरदर्द, पुलिस ने नवी मुम्बई से किया गिरफ्तार

ALLAHABAD: पिछले दिनों सिविल लाइंस के यूको बैंक में करोड़ों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के मास्टर माइंड हसन चिकना को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। हालांकि इस गिरफ्तारी का सेहरा इलाहाबाद नहीं बल्कि झारखंड की बोकारो पुलिस के सिर सजा है। अब इलाहाबाद की पुलिस उससे पूछताछ के लिए झारखंड जाने की तैयारी में है। चिकना के पास से साढ़े पांच किलो सोने के गहने व लगभग 34 लाख रुपये बरामद हुए हैं।

बोकारो से चुराए थे 11 करोड़

हसन चिकना ने झारखंड के बोकारो में भारतीय स्टेट बैंक की एडीएम बिल्डिंग शाखा के 72 लॉकरों से 11 करोड़ से अधिक की नकदी व सोने-चांदी के गहने पार किए थे। तभी से वहां की पुलिस उसके पीछे लगी थी। बोकारो के एसपी कार्तिक एस के अनुसार उसे नवी मुंबई के नेरूल स्थित सेक्टर 20 टीम ने सोमवार को गिरफ्तार किया। उसके पास से साढ़े पांच किलो सोने के गहने व 33.64 लाख रुपये नकद मिले हैं।

बोकारो पुलिस ने हसन को मुम्बई से गिरफ्तार किया है। यहां से टीम रवाना की जा रही है। उसका बयान दर्ज कर वारंट पर यहां लाया जाएगा।

शिव मंगल सिंह, इंस्पेक्टर, सिविल लाइंस