-मंत्री ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग/उपकरणों का किया वितरण

ALLAHABAD: हमारी सरकार दिव्यांग भाईयों के लिए साथ है। उनकी हरसंभव मदद की जाएगी। यह बात उप्र दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कही। वह प्रयाग संगीत समिति में आयोजित कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याओं के सम्बंध में चाइना से रिसर्च के लिए जो टीम आई थी। उसके रिसर्च के आधार पर दिव्यांगों के ऑपरेशन के लिए 6 लाख तक का खर्च आएगा, जिसे सरकार सुनिश्चित करेगी।

लाभांवित हुए दिव्यांगजन

कार्यक्रम में नेशनल थर्मल पॉवर कारर्पोरेशन (एनटीपीसी) मेजा के सीएसआर निधि के दिव्यांगों को स्वरोजगार हेतु सिलाई मशीन एवं स्मार्टकेन का वितरण किया गया। शिविर में कुल 297 ट्राईसाइकिल, 100 जोड़ी वैशाखी, 42 सिलाई मशीन, 24 कान की मशीन, 02 ब्लाइण्ड एवं 15 स्मार्टकेन का वितरण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को बच्चों को चयनित कर उनकी सूची देने का आदेश दिया।

मंत्री ने गिनाए काम

-जुलाई के अंत तक ट्राई साइकिल में ट्राली लगाकर वितरण किया जाएगा।

-अभी 8000 ट्राई-साइकिल देने की व्यवस्था की जा रही है।

-दिव्यांगजनों को रेलवे में रिजर्वेशन की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।

-देश में उत्तर प्रदेश की परिवहन निगम की बसों में दिव्यांगजनों को निशुल्क सेवा दिलवाने का कार्य किया है।

-प्रदेश सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए 55 दिव्यांगजन केन्द्र प्रदेश के 18 मण्डलों में खोलने का कार्य किया है।

हुआ स्वागत

इसके पहले स्वागत गीत एवं सरस्वती वन्दना राज अंध विद्यालय के बच्चों ने प्रस्तुत किया। लघु नाटिका उप्र मूक बधिर विद्यालय, स्कूल चलो गीत बचपन डे केयर सेंटर राजकीय ममता विद्यालय के बच्चों ने प्रस्तुत किया। दिव्यांगजन मंत्री ने गुरुवार को राजकीय ममता विद्यालय कौंडिहार में नवीन भवन का उदघाटन व निरीक्षण किया। कार्यक्रम में उप निदेशक दिव्यांगजन विनीता यादव, उप निदेशक आरएन वर्मा, जिला दिव्यांगजन अधिकारी विपिन उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।