JAMSHEDPUR: अदालत ने टेल्को थाना अंतर्गत जेम्को आजादबस्ती निवासी अरुण नामता हत्याकांड में सतनाम सिंह गोल्डी को दोषी करार दिया है। जबकि इसी मामले के आरोपित प्रीति जायसवाल को अदालत ने बरी कर दिया। मुकदमा एडीजे-5 सुभाष की अदालत में चला।

21 जून, 2014 को सतनाम सिंह गोल्डी अपने पिता जागीर सिंह के साथ अरुण नामता से ब्याज व अपना 40 हजार रुपये मांगने के लिए आया। अरुण नामता पैसे देने में अनाकानी करने लगा। इसी बीच सतनाम सिंह गोल्डी ने अरुण नामता से कहा कि तुम प्रीति जायसवाल को क्यों छेड़ा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच थोड़ी बहस हुई। इस पर सतनाम सिंह के पिता ने कहा कि ज्यादा बोल रहा है, मारो। इसके बाद सतनाम सिंह गोल्डी ने पिस्तौल निकाल कर अरुण नामता को गोली मार दी। गोली मारते ही अरुण की मौत हो गयी। इसके बाद जेम्को में जमकर बवाल हुआ था। सड़क जाम कर दी गयी थी। अभिक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर पथराव भी की गयी थी। अंत में पुलिस ने सतनाम सिंह गोल्डी को गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान समय में सतनाम सिंह गोल्डी रांची जेल में बंद है। अदालत ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सतनाम सिंह को दोषी करार देने संबंधी जानकारी दी।