-देसी और अंग्रेजी शराब की दुकान बंद कराने सड़क पर उतरी पब्लिक

-पुलिस ने दिखाई सख्ती, प्रदर्शनकारियों ने किया पथराव

-बरगदवां बाईपास पर करीब पांच घंटे आवागमन ठप

GORAKHPUR:

शराब दुकानों का विरोध कर रही महिलाओं और एएसपी चारू निगम के बीच रविवार को हुई नोंक-झोक से शहर का तापमान दिनभर बढ़ा रहा। बताया जाता है कि इस दौरान नगर विधायक डॉ। राधामोहन दास अग्रवाल ने एएसपी को फटकार भी लगाई। इससे उनके आंखों में आंसू आ गए। वहीं, देर शाम इस प्रकरण की सूचना डीजीपी को भी दे दी गई। सूत्रों का कहना है कि एएसपी ने विधायक पर एफआईआर दर्ज कराने की तहरीर तैयार कर ली है। हालांकि इसकी पुष्टि अफसरों ने नहीं की।

दरअसल मामला है कि चिलुआताल एरिया के नकहा नंबर दो, कोईलहवा में देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानें खुलने के विरोध में रविवार को पब्लिक सड़क पर उतर गई। बरगदवां-खजांची रोड जाम कर प्रदर्शन किया। सड़क पर बैठी पब्लिक को हटाने पहुंचीं एएसपी चारू निगम से प्रदर्शनकारियों की कहासुनी हो गई। इस बीच अचानक मामला बिगड़ गया। पुलिस की सख्ती से बिफरी महिलाओं ने पथराव कर दिया, जिसके बाद भगदड़ मच गई। इसमें एएसपी घायल हो गई। इस प सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने छह महिलाओं को हिरासत में ले लिया। उन्हें हिरासत में लेने के बाद मामला ज्यादा गर्म हो गया। प्रदर्शनकारियों को छुड़ाने के लिए पब्लिक दोबारा सड़क पर उतर गई। इस दौरान बरगदवां बाईपास पर करीब पांच घंटे तक आवागमन ठप रहा।

एएसपी के तेवर से भड़का महिलाओं का गुस्सा

एएसपी पर आरोप है कि महिलाओं को अपशब्द कहने पर लोगों का गुस्सा भड़क गया। महिलाओं ने ईट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। सख्ती बरतकर पुलिस ने बवाल काट रही महिलाओं पर काबू किया। इस दौरान एएसपी भी चोटिल हो गई। एएसपी के घायल होने की सूचना पर पुलिस ने तेजी दिखाई। प्रदर्शन कर रही विद्यावती, रीना, आशा, सुमारी, ताजमती, फूलमती को हिरासत में लेकर थाने चली गई। इस पर नगर विधायक को बुलाने की मांग उठाते हुए लोग दोबारा सड़क पर बैठ गए।

दुकानें बंद कराई, महिलाओं को थाने से छोड़ा

हंगामे की जानकारी होने पर नगर विधायक डॉ। राधामोहन दास अग्रवाल पहुंचे। लोगों ने विधायक को बताया कि उनको दौड़ा कर पीटा गया है। पब्लिक ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबारी शुरू कर दी। एसडीएम सदर, जिला आबकारी अधिकारी और एसपी सिटी भी बारी-बारी से पहुंचे। अफसरों ने लोगों को समझाकर जाम हटाने को कहा। महिलाओं को थाने से छोड़ने, शराब की दुकानों को बंद कराने की मांग पर लोग अड़े रहे। मामले का निस्तारण करते हुए पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने दुकान बंद कराने और महिलाओं को छोड़ने का निर्देश दिया। कानूनी औपचारिकता पूरी कर पुलिस ने महिलाओं को थाने से छाेड़ दिया।

एएसपी ने कराया मेडिकल

झड़प में घायल एएसपी चारू निगम जिला अस्पताल पहुंची। इसकी मेडिकल रिपोर्ट भी तैयार की गई। माना जा रहा है कि पब्लिक के खिलाफ केस दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। विधायक के दबाव में महिलाओं को थाने से छोड़ने को लेकर पुलिस के भीतर नाराजगी है। सड़क जाम करने, पथराव और बवाल काटने को लेकर पब्लिक के खिलाफ केस दर्ज कराया जा सकता है। बताया जाता है कि जाम के दौरान एएसपी की बातचीत का तरीका ठीक न होने पर विधायक ने जमकर फटकार लगाई।

वर्जन

पब्लिक ने जाम लगाया था। उनको समझा बुझाकर शांत कराते हुए हटा दिया गया। शराब की दुकान को लेकर प्रशासन की ओर से निर्णय ि1लया जाएगा।

गणेश प्रसाद साहा, एसपी सिटी