-घर में फर्श पर खून से लथपथ पड़ी मिली लाश, पीछे से हथौड़े या साबड़ से वार कर की गई हत्या

-वारदात के बाद हत्यारे ने बाथरूम में खून साफ करने के साथ पैंट भी चेंज की, पुलिस को पति पर शक

>KANPUR@INEXT.co.in

KANPUR: शहर में मुख्यमंत्री की मौजूदगी के दौरान आर्डिनेंस फैक्ट्री कर्मी की पत्नी की साबड़ से प्रहार कर नृशंस हत्या कर दी गई। उसका खून से सना शव घर पर पड़ा मिला। सास के घर पहुंचने पर उसकी हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस अफसरों को इसका पता चला तो उनके पसीने छूट गए। आनन फानन में पुलिस, फोरेंसिक, डॉग स्क्वायड और आईजी क्राइम ब्रांच की टीम ने वहां पर जाकर जांच की। शुरूआती जांच में पति शक के घेरे में आ रहा है।

दोनों बेटियां गई थीं स्कूल

बर्रा विश्वबैंक सी ब्लाक निवासी संजय आर्डिनेंस फैक्ट्री में टेलर है। परिवार में पत्नी पुष्पा (40) और दो बेटियां सोनाली व तान्या थी। संजय पत्नी और बच्चों के साथ अलग रहता था। मां और परिवार के अन्य सदस्य दूसरे मकान में रहते है। संजय के मुताबिक वह सुबह ड्यूटी पर गया था। दोनों बेटियां स्कूल गई थी। दोपहर में संजय की मां घर पहुंची। वह गेट खोलकर अंदर गई तो फर्श पर पुष्पा की लाश पड़ी थी। जिसे देख वह चीख पड़ी। पड़ोसियों ने संजय और पुलिस को जानकारी दी। आनन फानन में एसपी साउथ, सीओ और इंस्पेक्टर फोर्स के साथ वहां पहुंच गए। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड जांच में कई जगह खून के निशान मिले। शुरुआती जांच में पुलिस को पति पर शक है। इंस्पेक्टर रवि श्रीवास्तव का कहना है कि मृतका के भाई ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कुछ लोग शक के घेरे में है। पुलिस सुबूत जुटा रही है।

पीछे से वार कर हत्या की गई

कमरे में पुष्पा का शव सोफे के पास पड़ा मिला। उसके दोनों घुटने मुड़े हुए थे। सोफे पर हथौड़ी पड़ी थी, जबकि पुष्पा के दाहिने हाथ के पास चाकू पड़ा था। क्राइम सीन से प्रतीत हो रहा है कि घटना के समय पुष्पा फर्श या सोफा साफ कर रही थी। तभी हत्यारे ने पीछे से उस पर हथौड़े या साबड़ से वार कर हत्या कर दी। पुष्पा के सिर पर ही छह चोट के निशान मिले है।

बाथरूम में खून किया साफ

हत्यारे ने वारदात के बाद बाथरूम में खून साफ किया था। हत्यारे की पैंट में खून लग गया था। उसने बाथरूम में ही खून से सनी पैंट को बदला था। वह खून से सनी पैंट बाथरूम में छोड़ गया। फोरेंसिक टीम ने बाथरूम की फर्श पर भी खून के निशान पाए हैं।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

हत्यारे ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की। उसने लूट के इरादे से वारदात को दर्शाने के लिए सामान बिखराने के साथ अलमारी और लॉकर भी खोल दिया था। पुलिस को अलमारी और लॉकर में जेवर समेत सारा सामान सुरक्षित मिला। पुलिस को अवैध संबंध या झगड़े में हत्या का शक है

(बॉक्स)

इसलिए पति शक के घ्ोरे में है

पुलिस सूत्रों के मुताबिक पुष्पा की हत्या में पति संजय शक के घेरे में है। पुलिस को संजय के कपड़े और गाड़ी पर खून का निशान मिला है। उसकी बाइक के हैंडिल में खून का निशान मिला है। खोजी कुत्ता भी सूंघते हुए संजय के पास जाकर रुक गया था। साथ ही पुलिस को संजय के ऑफिस से यह पता चला कि उसने 11 बजे ऑफिस में पत्नी की हत्या किए जाने की जानकारी दी थी, जबकि इलाकाई लोगों ने करीब 11.45 बजे संजय को फोन कर हत्या की जानकारी दी थी। पुलिस को भले ही पति पर शक है, लेकिन पुष्पा के मायके पक्ष को संजय पर शक नहीं है।