RANCHI: हाई स्कूलों में शिक्षक नियुक्ति को लेकर बीते साल 29 अक्टूबर से 2 दिसंबर 2017 तक हुई परीक्षा का रिजल्ट अगले माह जुलाई में जारी किया जाएगा। इसके लिए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग में कॉपियों की जांच के बाद रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। बता दें कि माध्यमिक स्कूलों में सहायक शिक्षक के 17 हजार 572 पदों की नियुक्ति के लिए परीक्षा हुई थी। इन पदों की नियुक्ति के लिए संबंधित विषय में 45 प्रतिशत अंक और अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए 40 प्रतिशत अंक और बीएड की योग्यता अनिवार्य है। इस परीक्षा में पूरे राज्य से करीब 3.5 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

किस जिले में कितने पदों के लिये परीक्षा

रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लातेहार, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज में कुल 8 हजार 423 पदों के लिए परीक्षा हुई थी। वहीं, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, गोडडा व देवघर में 9 हजार 342 पदों के लिए परीक्षा हुई थी।

एक महीने चली थी परीक्षा

शिक्षक नियुक्ति की परीक्षा 29 अक्टूबर से शुरू हुई थी, जो दो दिसंबर 2017 तक चली थी। गिरिडीह में एक पेपर की परीक्षा रद्द होने की वजह से आखिरी परीक्षा दो दिसंबर को आयोजित की गई थी। उस वक्त कर्मचारी चयन आयोग ने दो महीने में परीक्षाफल जारी करने का समय लिया था, लेकिन स्थानीय नीति को लेकर राज्यव्यापी बवाल के कारण रिजल्ट जारी नहीं किए जा सके।