- ढाबा मालिक की जांघ में लगी गोली, एसआरएन में कराया गया एडमिट

- रात में ढाबा बंद होने के बाद आए थे दो बाइक से चार युवक

GAUHANIA ( 9 April, JNN):

घूरपुर के इरादतगंज बाजार में ढाबे पर शुक्रवार रात मुर्गा न मिलने पर बाइक सवार चार शराबियों का दिमाग घूम गया। विवाद के बाद शराबियों ने गोली चला दी जो ढाबा मालिक की जांघ में जा लगी। गोली मारने के बाद हमलावर धमकाते हुए भाग निकले। खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को रात में ही एसआरएन हॉस्पिटल में एडमिट करा दिया गया। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

ग्लास फैक्ट्री के बगल में है ढाबा

घूरपुर के बादलगंज के रहने वाले सुनील कुमार पटेल व मिथलेश कुमार पटेल का रीवां हाइवे पर ग्लास फैक्ट्री मोड़ के सामने ढाबा है। शुक्रवार की रात 11 बजे सुनील कुमार पटेल व मिथलेश कुमार पटेल ढाबा बंद करने के पहले सफाई कर रहे थे। इसी बीच दो बाइक से चार युवक आए और मुर्गा व रोटी लाने को कहा। दोनों भाइयों ने कहा कि ढाबा बंद हो चुका है। अब कुछ नहीं मिलेगा। इस पर युवकों ने मिथिलेश को गालियां बकनी शुरू कर दीं।

विरोध किया तो निकाला तमंचा

सुनील ने इसका विरोध किया तो एक युवक ने तमंचा निकाल लिया और हवा में लहराने लगा। उसने मिथलेश को निशाना बनाकर तमंचे से फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि निशाना चूक गया और गोली सुनील की जांघ में जा लगी। गोली लगने के बाद वह गिरकर तड़पने लगा तो बाइक सवार भाग गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। जांघ से खून निकल रहा था। पुलिस को खबर दी गई। एंबुलेंस से ढाबा मालिक को एसआरएन हॉस्पिटल पहुंचा गया। मिथिलेश की तहरीर पर चार अज्ञात के खिलाफ कत्ल की कोशिश, गालीगलौज व जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई।

चुनाव की भी चर्चा

घटना के बाद चर्चा है कि सुनील कुमार को पंचायत चुनाव की रंजिश में गोली मारी गई। चुनाव के दौरान उसका विवाद हुआ था। चुनाव के दौरान ही एक चाय की दुकान को भी फूंक दिया गया था। लोकल लोगों का कहना है कि पुलिस अपना काम ठीक से नहीं करती। रात में गश्त भी नहीं होती। अगर पुलिस की एक्टिविटी सड़कों पर नजर आती तो घूरपुर एरिया में इस तरह की वारदातें न होतीं।