- एथलीट ने रियो ओलम्पिक के लिए किया क्वालीफाई

- 3000 मीटर स्टीपल चेज 9 मिनट 31 सेकेंड में की पूरी

LUCKNOW: रायबरेली की रहने वाली व इंटरनेशनल एथलीट सुधा सिंह ने शुक्रवार को दमदार प्रदर्शन करते हुए रियो ओलम्पिक का टिकट हासिल कर लिया है। प्रदेश की सुधा सिंह ऐसी एथलीट हैं जो अब तक रियो ओलम्पिक में होने वाले दो इवेंट के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। शुक्रवार को दिल्ली में चल रहे फेडरेशन कप में सुनहरे प्रदर्शन के दम पर सुधा ने यह मुकाम हासिल किया।

एसोसिएशन ने जताया गर्व

सुधा के इस दमदार प्रदर्शन पर लखनऊ एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव बीआर वरुण ने बताया कि यह हमारे लिए गौरव की बात है। प्रदेश के किसी खिलाड़ी ने पहली बार ओलम्पिक में होने वाले दो इवेंट के लिए क्वालीफाई किया है। 42 किमी मैराथन के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी सुधा ने शुक्रवार को 3000 मीटर स्टीपल चेज में भी रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। दिल्ली में आयोजित फेडरेशन कप में सुधा ने 3000 मीटर स्टीपल चेज में सुधा सिंह ने 9 मिनट 31 सेकेंड में पूरी कर जहां गोल्ड मेडल जीता वहीं ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई भी कर लिया। ओलम्पिक में क्वालीफाइंग टाइम यहां पर 9 मिनट 41 सेकेंड रखा गया था लेकिन सुधा ने उससे भी कम समय में यह रेस पूरी की। इसके पहले सुधा 42 किमी वाली मैराथन रेस के लिए भी क्वालीफाई कर चुकी है।