-सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा सीन, जांच में जुटे सीओ

ALLAHABAD: हॉट स्टफ चौराहे पर स्थित मॉडल शॉप के अंदर गुरुवार की शाम को दो ग्रुप आपस में किसी बात को लेकर भिड़ गए। इस दौरान एक युवक ने कांटै्रक्टर पंकज श्रीवास्तव पर चाकू से हमला कर दिया और वहां से भाग निकले। साथियों ने पंकज को स्वरूपरानी हॉस्पिटल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे सीओ सिविल लाइंस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों को ट्रेस किया। देर रात तक उनकी तलाश होती रही।

ठेकेदारी का विवाद बताया

पंकज श्रीवास्तव तलाब नवल राय एरिया में रहते हैं। वह ठेकेदारी का काम करते हैं। पंकज की माने तो गुरुवार को वह मॉडल शॉप पहुंचे थे। जहां पर उनकी मलाकराज के रहने वाले बुलबुल तिवारी और मिंटू राय से झड़प हो गई। इसके बाद उन पर चाकू से हमला कर दिया गया। एक के बाद एक उस पर कई वार किए गए। वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। यह देखकर सन्नाटे में आए पंकज के साथी उन्हें लेकर हॉस्पिटल भागे। मॉडल शॉप की फर्श खून से नहा उठी।

सीसीटीवी में कैद

घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पता चला कि हमलावर के साथ पीडि़त भी गायब है। पुलिस मॉडल शॉप के कर्मचारियों से पूछताछ में जुट गई। लेकिन, कुछ पता नहीं चला। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई। इसमें साफ दिख रहा था कि एक व्यक्ति तीन चार बार पंकज पर हमला कर रहा है। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि पंकज एसआरएन पहुंचा है। फिर जांच के लिए सीओ सिविल लाइंस सचिन्द्र पटेल वहां पहुंचे और बयान दर्ज किया।