- डॉक्टर पति से चल रहा है विवाद

- पति ने अस्पताल स्टाफ संग मिलकर किया हमला, पीडि़ता ने पुलिस को दी तहरीर

GORAKHPUR: बड़हलगंज एरिया के दुर्गावती हॉस्पिटल में गुरुवार को जमकर बवाल हुआ। अस्पताल में दरवाजे की कुंडी बदलवा रहीं डॉ। पूनम यादव पर पति डॉ। मनोज ने स्टॉफ के साथ मिल हमला कर दिया। बीच बचाव करने आईं डॉ। पूनम की मां के साथ भी मारपीट की गई। डॉ। पूनम के साथ अभद्रता भी की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। डॉ। पूनम ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।

चल रहा पारिवारिक विवाद

डॉ। मनोज यादव व उनकी पत्नी डॉ। पूनम यादव के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। अस्पताल के आवासीय भवन में ही पति-पत्नी अलग-अलग रहते हैं। डॉ। पूनम ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि अपने सामान की सुरक्षा के लिए एक कमरे में कुंडी लगवा रही थीं। इस बीच उनके पति अस्पताल कर्मियों के साथ पहुंचे और कुंडी लगवाने का विरोध करने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तकरार होने लगी। उन्होंने अस्पताल कर्मियों पर अपने साथ अभद्रता करने तथा पति द्वारा मारने पीटने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर गोपाल त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।