एक बार फिर पुलिस पिट गई
Gorakhpur@inext.co.in
GORAKHPUR: गोरखपुर में खत्म हो चुके पुलिस के खौफ के चलते मंगलवार को एक बार फिर पुलिस पिट गई। इसमें पीआरवी जवान का सिर मनबढ़ों ने हमला कर फोड़ दिया। दरअसल, खोराबार के मंझरिया गांव में विवादित भूमि पर मकान निर्माण को लेकर मंगलवार को बवाल हो गया। मारपीट की सूचना पर पहुंची यूपी 100 की पुलिस ने निर्माण कार्य रोक दिया। इसी बात पर एक पक्ष के लोग जुट गए और हमलावर हो गए। सिपाही विजय कन्नौजिया का मारकर सिर फोड़ दिया। पुलिस टीम पर हमले की खबर आम होते ही एसपी सिटी विनय कुमार सिंह, सीओ कैंट प्रभात राय, सीओ क्राइम प्रवीण सिंह चार थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पहले भी हुअा था विवाद
घटना मंगलवार को 11 बजे के करीब हुई। गांव में रामवृक्ष और सुभाष निषाद पट्टीदार है। दोनों के बीच जमीन के हिस्से को लेकर विवाद चल रहा है। सात जुलाई को रामवृक्ष ने जमीन पर मकान का निर्माण शुरू करा दिया। इसकी जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और निर्माण कार्य शुरू करा दिया। मंगलवार को एक बार फिर रामवृक्ष ने निर्माण शुरू कराया तो सुभाष और उसकी पत्नी संजू ने विरोध किया। इसी बात पर मारपीट हो गई। आरोप है कि रामवृक्ष के पक्ष के लोगों ने सुभाष उसकी पत्‌नी को मारपीट कर घायल कर दिया। सुभाष की सूचना पर यूपी 100 मौके पर पहुंची और दोनों पक्ष को थाने पर आने की बात कहते हुए निर्माण कार्य बंद करा दिया। इसी के बाद रामवृक्ष के पक्ष ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें एक सिपाही का सिर फट गया। गांव में पीएसी तैनात कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव से मनोज उर्फ मैनेजर नाम के एक शख्स को पकड़ा गया है। दोनों के बीच इसके पहले भी दो बार विवाद हो चुका है।