अकेली महिला देखकर बिगड़ी बाबा की नीयत

भगवान की तरह पूजे जाने वाले आसाराम बापू के सितारे आज कल गर्दिश में हैं। एक के बाद एक उन पर संगीन आरोप लगते जा रहे हैं। फिलहाल तक जो फैक्ट्स सामने आ चुके हैं, उसके मुताबिक यह सिर्फ आरोप नहीं है। पहले श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ और फिर उनके जिस्म से खेलने का किस्सा एक बार खुलकर सामने आया तो ऐसी कहानियों की झड़ी लग गई। वैसे आसाराम अकेले नहीं हैं इस आरोप से घिरे। इलाहाबाद में भी तंत्र मंत्र के नाम पर बाबा ने महिला को अपने झांसे में लिया और फिर वही सब कुछ करने की कोशिश की जो आरोप आसाराम पर लगा है। महिला ने तंत्र मंत्र करने वाले बाबा पर सनसनीखेज आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। यह आरोप कितने सच तो यह तो महिला ही जाने लेकिन पुलिस ने थाने में दोनों पक्षों में समझौता कराकर मामले को रफा-दफा जरूर करवा दिया।

आंखों की रोशनी चली गई

कीडगंज की रहने वाली रिया (परिवर्तित नाम) कुछ सालों से काफी परेशान है। उसका एक दस साल का बेटा है। न जाने क्या बीमारी हुई कि धीरे-धीरे उसकी आंखों की रोशनी जाने लगी। अब हालत यह हो गई है कि उसे ठीक से दिखाई भी नहीं देता है। शहर के कई डॉक्टर को दिखाया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इस दौरान उसके भाई के मित्र ने एक सलाह दी। कहा कि उसके पापा तंत्र मंत्र जानते हैं। वह पूजा पाठ करके आंखों की रोशनी वापस ला देंगे।

सरकारी कर्मचारी हैं तांत्रिक बाबा

रिया के पास अब कोई दूसरा आप्शन नहीं था। उसे लगा कि शायद भगवान की यही मर्जी है। दवा से फायदा नहीं है तो क्या दुआ ही काम आ जाए। वह अपने भाई की मदद से पूजा पाठ करने वाले बाबा से जाकर मिली। बाबा आकाश (परिवर्तित नाम) कोई साधु नहीं है बल्कि वह एक सरकारी कर्मचारी है। उन्हें तंत्र मंत्र में महारत हासिल होने की बात सामने आई थी। उन्होंने वादा किया कि पूजा के बाद सब कुछ ठीक हो जाएगा।

मंशा कुछ और ही निकली

कहानी में उस समय ट्विस्ट आ गया जब तांत्रिक बाबा आकाश ने पूजा पाठ का तरीका बताया। उन्होंने अकेले में पूजा करने के लिए कहा था। फिर कहा कि आप अंदर वाले कमरे में न्यूड होकर बैठ जाएं। वह दूसरे कमरे से बैठकर हवन करेंगे। आरोप है कि जब इस बात के लिए रिया तैयार नहीं हुई तो उसके साथ छेड़खानी का प्रयास करने लगे। रिया के विरोध के बाद बाबा वापस लौट गए। यह भी आरोप है कि इस दौरान बाबा ने बच्चे पर ऊपर कुछ तंत्र मंत्र कर दिया।

शिकायत लेकर पहुंची थाने

इसके बाद रिया कीडगंज थाना पहुंच गई और पुलिस से आपबीती सुनाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। उसने बाबा के खिलाफ आरोप लगाते हुए रिटेन में कंप्लेन किया। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कीडगंज पुलिस ने दोनों पक्षों को बुला लिया और थाने में पंचायत लगी। इस दौरान दूसरे पक्ष ने रिया के आरोप को बेबुनियाद बताया। कहा कि पूजा पाठ के लिए कुछ पैसा दिया था। पूजा हो चुकी है और वह पैसा वापस मांग रही है। इसी बात को लेकर झूठा आरोप लगा रही हैं। घंटों चली पंचायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा कर बाबा की कहानी हमेशा के लिए खत्म कर दी।

पूजा पाठ के चक्कर में मामला फंसा था। पैसे का विवाद भी था। दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता करा दिया गया है।

कीडगंज पुलिस