पुलिस ने रखा था 25 हजार का इनाम, क्राइम की घटनाओं को लगातार दे रहा था अंजाम

Meerut। परतापुर में पुलिस की 25 हजारी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना परतापुर में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ 20 से ज्यादा लूट व डकैती के मुकदमें दर्ज हैं।

पुलिस पर किया फायर

परतापुर पुलिस को सूचना मिली कि सोमवार तीन बजे करीब गावड़ी रोड बंबा के पास दो बदमाश किसी घटना को अंजाम देने के लिए आ रहे हैं। सोमवार दोपहर सवा तीन बजे करीब मोदीनगर की तरफ से आ रहे बाइक सवार बदमाश का पुलिस से सामना हो गया। उसने पुलिस को देखते ही फायर कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी फायर किया। गोली बदमाश के पैर पर लगी। बदमाश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर परतापुर नीरज मलिक ने बताया कि खरदौनी इंचौली निवासी आकाश ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। वह जेई के घर डकैती में वांटेड चल रहा था।