- खुशियों के साथ अदा की गयी नमाज-ए-ईद-उल-अजहा

GORAKHPUR: ईद-उल-अजहा का पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। तमाम तैयारियों के साथ बच्चों और बड़ों ने नए-नए लिबास पहने। इत्र लगाया। सरों पर टोपी सजायी। हाथ में जानमाज ली और चल पड़े ईदगाह व मस्जिदों की तरफ। रंग बिरंगी, सफेद पोशाकों से हर जगह एक नूरानी समां नजर आ रहा था। लोगों की जुबां पर तकबीरे तशरीक की सदायें थीं। माहौल पुरकश व दिलकश। जहां जगह मिली। जानमाज बिछायी। ईद उल अजहा की नमाज का इंतेजार शुरू। नमाज के वक्त तक ईदगाह व मस्जिदों के आसपास की सड़कों पर नमाजियों की कतारें लग गयीं। नमाज के बाद लोग एक दूसरे से गले मिले और मुबारकबाद दी। साथ ही ईदी बंटने का सिलसिला भी शुरू हो गया।

कुर्बानी की रस्म

इसके बाद शुरू हुई कुर्बानी की रस्म। खुनीपुर, खोखर टोला, रहमतनगर, शेखपुर, जाफरा बाजार, रेती, उर्दू बाजार, नखास, अस्करगंज, धम्माल, रसूलपुर, जाहिदाबाद, वजीराबाद, पुराना गोरखपुर, गाजी रौजा, बक्शीपुर, गोरखनाथ, जाफरा बाजार, बुलाकीपुर, बड़े काजीपुर, पिपरापुर, इलाहीबाग, तिवारीपुर, मदरसा दारूल उलूम हुसैनिया सहित विभिन्न जगहों पर मेले जैसा माहौल नजर आया यहां कुर्बानी का खास ऐहतेमाम किया गया था। घरों के अलावा शहर में चिन्हित 37 स्थानों पर सामूहिक कुर्बानी हुई। फिर लजीज व्यंजनों का दौर चला। ईद उल अजहा की नमाज के लिए प्रशासन पुरी तरह मुस्तैद रहा। ईदगाहों, मस्जिदों व कुर्बानीगाहों के आसपास सफाई व चूना छिड़काव किया गया था।