- एनएमसीएच से इलाज करा लौट रहा था रिमांड होम

PATNA CITY: दो सिपाहियों को चकमा दे कर रिमांड होम का एक बाल कैदी फरार हो गया। जबकि सिपाहियों ने उसे मोटे रस्से से बांध रखा था। बावजूद रस्से की गांठ को खोल वह फरार हो गया। वो भी रिमांड होम से महज कुछ दूर पहले। दरअसल, बाल कैदी हत्या के प्रयास का आरोपी है। वह नालंदा डिस्ट्रिक्ट का रहने वाला है। रिमांड होम के सोर्स की मानें तो उसने तबीयत खराब होने की बात कही थी। शुक्रवार को दो सिपाही इलाज कराने के लिए उसे एनएमसीएच लेकर गए थे। ऑटो से सभी लौट रहे थे। डंका इमली के पास ऑटो से उतरने के बाद जैसे ही सभी रिमांड होम की ओर बढ़े बाल कैदी रोड पार कर महाराजगंज की ओर फरार हो गया। कुछ पल के लिए दोनाें सिपाही आवाक रह गए।

लोगों ने खदेड़ कर पकड़ा

बाल कैदी को फरार होता देख दोनों सिपाही चिल्लाते हुए पीछा करने लगे। तब तक बाल कैदी काफी आगे निकल चुका था। लेकिन लोकल पब्लिक ने मामला समझ लिया। इसके बाद स्थानीय लोग भी बाल कैदी के पीछे भागे और उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। जिसके बाद उसे सिपाही के हवाले कर दिया। इस मामले में रिमांड होम के सुपरिंटेंडेंट से बात नहीं हो सकी।