- सुबह जैन गली में मीटिंग होने के बाद शुरू हुआ बवाल

- दूसरे समुदाय के लोगों ने किया पथराव और फायरिंग

आगरा। थाना नाई की मंडी क्षेत्र सोमवार को फिर सुलग उठा। हालात सामान्य करने के लिए और बंद बाजार खोलने को लेकर एक समुदाय के लोग जनप्रतिनिधियों के साथ मीटिंग कर रहे थे, कि तभी दूसरे समुदाय ने पथराव और फायरिंग कर दहशत फैला दी। क्षेत्र में तैनात पुलिस बल की संख्या भी उपद्रवियों के सामने बौनी साबित हुई। बाद में फोर्स के साथ पहुंचे आला अधिकारियों ने स्थिति पर काबू पाया। पुलिस उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद गिरफ्तारी के लिए दबिश दे सकती है।

पुलिस फोर्स था तैनात

रविवार शाम नाई की मंडी में बारावफात जुलूस के दौरान दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे। दोनों ओर से जमकर ईट-पत्थर फेंके गए। फायरिंग भी की गई। पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे आला अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात था। सोमवार को भी क्षेत्र का बाजार बंद था।

जैन गली में हुई बैठक

सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे जैन गली में बाजार खोलने के संबंध में एक बैठक की जा रही थी। बैठक में जनप्रतिनिधि के साथ दुकानदार बाजार खोलने पर चर्चा कर रहे थे। लेकिन बैठक के तुरंत बाद फिर दहशत फैल गई। दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया। छतों से फायरिंग भी की गई। कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। उपद्रवियों ने पुलिसवालों को भी निशाना बनाया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने रबर बुलेट गन से फायर किए, टियर गैस के गोले छोड़े। रबर बुलेट फायर करने के बाद भी उपद्रवियों द्वारा छत से पथराव और फायरिंग लगातार की जा रही थी। बाद में पुलिस ने छतों पर जाकर मोर्चा संभाला, तब जाकर कुछ हद तक स्थिति को काबू में किया जा सका। पथराव और फायरिंग पर अंकुश लग सका।

आमने-सामने, पुलिस और उपद्रवी

कक्कू गली में एक तरफ पुलिस थी, तो सामने उपद्रवी हाथों में ईट-पत्थर लेकर खड़े थे। कुछ बलवाई छतों पर भी मोर्चा संभाले हुए थे। यहां पथराव के बीच बेखौफ होकर सीओ कोतवाली मनीषा सिंह लगातार लोगों से शांति बनाने और पथराव न करने की अपील कर रही थीं। लेकिन, बलवाइयों पर इस अपील का कोई असर नहीं हो रहा था। एसपी सिटी समीर सौरभ भी फोर्स के साथ मोर्चा संभाले हुए थे। कुछ देर बाद क्षेत्र में कफ्र्यू जैसे हालात बन गए थे।