- बुद्ध पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

- सुबह से ही गंगा घाटों पर लगी रही श्रद्धालुओं की भीड़

HARIDWAR: बुद्ध पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। पूर्णिमा पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सूर्य को अ‌र्घ्य देकर सुख-शांति की कामना की। प्रशासन के अनुसार दस लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पूर्णिमा पर गंगा में स्नान किया।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

बुद्ध पूर्णिमा पर सुबह से ही हरकी पैड़ी सहित ब्रहमकुंड, महिला घाट, सुभाष घाट, मालवीय घाट, नाईंसोता घाट के अलावा बिरला घाट, कुशावर्त घाट, विष्णु घाट, राम घाट, पंतद्वीप आदि घाटों पर गंगा में डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। स्नान का यह क्रम पूरे दिन गंगा मैया के जयकारों के साथ चलता रहा। इसके अलावा स्थानीय लोगों ने लवकुश घाट, विश्वकर्मा घाट, कनखल के विभिन्न घाटों, प्रेमनगर आश्रम घाट, श्रद्धानंद घाट आदि घाटों पर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अ‌र्घ्य और दान पुण्य भी किया। प्रशासन के अनुसार देर सायं तक दस लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। स्नान के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।